बाईं तर्जनी में फ्रैक्चर के चलते शाकिब अल हसन वर्ल्ड कप से बाहर
वनडे वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण से पहले बांग्लादेश को तब बड़ा झटका लगा है। जब टीम के कप्तान शाकिब अल हसन बाईं तर्जनी में फ्रैक्चर की वजह से इस टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों से बाहर हो गए हैं।
उनके इस टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों से बाहर होने के बाद टीम ने अनामुल हक को उनके रिप्लेसमेंट के तौर में टीम में नामित किया है। उप–कप्तान नजमुल हुसैन शांतो नियमित कप्तान शाकिब अल हसन की अनुपस्थिति में बांग्लादेश की कप्तानी करेंगे।
दूसरी तरफ शाकिब के रिप्लेसमेंट के तौर पर नामित हुए अनामुल हक एक दशक से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल रहे हैं। उन्होंने 2012 में अपना वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने 45 मैचों में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर 29.95 की औसत से 1258 वनडे रन बनाए हैं जिसमें 3 शतक शामिल हैं।
बता दें कि शाकिब को 6 नवंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय चोट लगी थी। श्रीलंका बनाम बांग्लादेश मैच के बाद एक्स–रे में शाकिब के फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इस वजह से वे अब 11 नवंबर को पुणे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच और बाकी बचे वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।

बता दें कि उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 65 गेंदों में 82 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी पारी में 12 चौके और 2 छक्के भी शामिल थे।
शाकिब के 82 रनों की पारी से बांग्लादेश ने श्रीलंका को कड़े मैच में 3 विकेट से हराया था। अगर वर्ल्ड कप के अंक तालिका की बात करें तो बांग्लादेश 7 मैच में चार जीत के साथ 8 अंक लेकर छठे स्थान पर है।
अभी भी बांग्लादेश के लिए सेमीफाइनल का दरवाजा खुला हुआ है। ऐसे में शाकिब का वर्ल्ड कप ना खेलना टीम के लिए बड़ा झटका है।
शाकिब श्रीलंका के खिलाफ मैच में एंजेलो मैथ्यूज के साथ विवाद के बाद वर्ल्ड कप से बाहर हुए हैं। बता दें कि जब श्रीलंकाई टीम बल्लेबाजी कर रही थी तो पारी के 25वें ओवर में बल्लेबाजी करने के लिए मैथ्यूज मैदान पर आए लेकिन उनका हेलमेट टूटा हुआ था।
मैथ्यूज को हेलमेट बदलने के लिए 2 मिनट से ज्यादा समय लग गया, इसी बीच शाकिब ने अंपायर से मैथ्यूज के आउट होने की अपील कर दी। अंततः अंपायर ने मैथ्यूज को आउट दे दिया। इसके बाद शाकिब को खेल भावना के खिलाफ व्यवहार करने के लिए दुनिया के कई दिग्गज क्रिकेटरों ने खूब आलोचना की।