एएफसी कप: मालदीव टीम को ओडिशा एफसी ने दी मात
इंडियन सुपर लीग की टीम ओडिशा एफसी ने दो गोल से पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए एएफसी कप के ग्रुप डी मैच में यहां ‘माजिया स्पोर्ट्स एवं रिक्रियेशन’ को 3-2 से हराया।
ओडिशा माजिया को उनके घरेलू मैदान पर हराने से पहले अपने घरेलू मैदान पर 6-1 से जीत हासिल की थी। इस जीत ने ओडिशा एएफसी कप (महाद्वीप की दूसरी स्तरीय क्लब प्रतियोगिता) के अंतर-क्षेत्रीय सेमीफाइनल में आगे बढ़ने की उम्मीदों को जीवित रखा है, हार से माजिया की मुश्किलें बढ़ गयी।

नैज हसन (दूसरे मिनट) और वोजिस्लाव बालबानोविच (26वां मिनट) के गोल से मालदीव ने 2-0 की बढ़त बना ली थी, ओडिशा ने मध्यांतर के बाद शानदार वापसी की।
मौर्तादा फाल (65वें मिनट), डिएगो मौरिसियो (72वें मिनट) और रॉय कृष्णा (85वें मिनट) ने 20 मिनट के अंदर तीन गोल कर टीम को जीत दिला दी। ओडिशा अगले मैच में 27 नवंबर को कोलकाता में मोहन बागान का सामना करेगी जबकि इसी दिन ढाका में माजिया के सामने बांग्लादेश की टीम बशुंधरा किंग्स की चुनौती होगी।