Trending

जादरान का शतक, अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को दी 292 रन की चुनौती

इब्राहिम जादरान (नाबाद 129 रन) के शतक से यहां विश्व कप में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट पर 291 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

जादरान ने 143 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 129 रन की पारी खेली। अफगानिस्तान अंतिम पांच ओवर में 64 रन जोड़ने में कामयाब रही। डेथ ओवरों में राशिद खान 18 गेंद में नाबाद 35 रन बनाए।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

चार वर्ष पहले वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 21 साल के जादरान ने वानखेड़े स्टेडियम में अपनी टीम के इस महत्वपूर्ण मैच में पांचवां शतक मारा।

वह विश्व कप में शतक मारने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने वाले भी अपने देश के पहले बल्लेबाज हैं।

विश्व कप में अफगानिस्तान की तरफ से सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर समीउल्लाह शिनवारी के नाम था जिन्होंने 2015 विश्व कप के दौरान डुनेडिन में स्कॉटलैंड के खिलाफ 96 रन बनाए थे।

जादरान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के फैसले को सही साबित किया और बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर नाबाद वापस लौटते हुए अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

जादरान ने पारी के ब्रेक के दौरान कहा, ‘‘कल सचिन तेंदुलकर के साथ मेरी अच्छी बात हुई, उन्होंने अपने कई अनुभव साझा किए। अपने अनुभव साझा करने और मुझे काफी आत्मविश्वास देने के लिए मैं उनका आभारी हूं।

गेंदबाजों को विकेट से मदद नहीं मिल रही थी और अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने सतर्क शुरुआत की। रहमानुल्लाह गुरबाज (21) आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे जब उन्होंने आठवें ओवर में जोश हेजलवुड(39 रन पर दो विकेट) पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर मिशेल स्टार्क को आसान कैच थमा बैठे।

जादरान और रहमत शाह (30) ने दूसरे विकेट के लिए 100 गेंद में 83 रन की साझेदारी करके पारी को संभालते हुए अफगानिस्तान के लिए अच्छा मंच तैयार किया।

बीच के ओवरों में अजमतुल्लाह उमरजई ने 18 गेंद में दो छक्कों और एक चौके से 22 रन की पारी खेलकर रन गति में इजाफा करने की कोशिश की। उन्हें एडम जम्पा (58 रन पर एक विकेट) ने आउट किया जो विश्व कप में अभी तक 20 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

राशिद ने अंत में 18 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 35 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 300 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।