Trending

मैक्सवेल का रिकार्ड दोहरा शतक, ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल में इंट्री

ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 201 रन) के दोहरे शतक और कप्तान पैट कमिंस के साथ उनकी रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया ने यहां अफगानिस्तान को तीन विकेट से मात देकर लगातार छठी जीत से वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंट्री की।

वर्ल्ड कप

अफगानिस्तान के 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैक्सवेल (128 गेंद में 201 रन, 21 चौके, 10 छक्के) ने दोहरा शतक मारा, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 91 रन पर सात विकेट गिराने के बावजूद 46.5 ओवर में सात विकेट पर 293 रन बनाकर जीत हासिल की।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

मैक्सवेल ने कमिंस (68 गेंद में नाबाद 12) के साथ आठवें विकेट के लिए 202 रन की अटूट साझेदारी की जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में अंतिम तीन विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। इस साझेदारी में मैक्सवेल के दबदबे का अंदाजा इससे लगता है कि उनका योगदान इसमें 179 रन का रहा।

मैक्सवेल ने मुजीब उर रहमान पर लगातार तीन छक्के और एक चौका मारकर ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाया। मुजीब ने ही उनका कैच छोड़ दिया था।

मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की ओर से वनडे क्रिकेट में शीर्ष स्कोरर बने। उन्होंने शेन वाटसन को पीछे छोड़ा जिन्होंने अप्रैल 2011 में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 185 रन बनाए थे।

यह लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप में सबसे बड़ी जीत भी है। इस जीत से ऑस्ट्रेलिया के आठ मैच में छह जीत से 12 अंक हो गए हैं और टीम तीसरे स्थान पर है।

सचिन की हौसलाअफजाई से प्रेरित इब्राहिम जादरान ने 143 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 129 रन की पारी खेली जिससे अफगानिस्तान ने पांच विकेट पर 291 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

अफगानिस्तान अंतिम पांच ओवर में 64 रन जोड़ने में सफल रही। राशिद खान ने डेथ ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंद में नाबाद 35 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और टीम ने नौवें ओवर में 49 रन तक ही चार विकेट चले गए।

डेविड वार्नर ने मुजीब उर रहमान की पहली ही गेंद पर चौक मारा, नवीन ने अगले ओवर में ट्रेविस हेड (00) को विकेटकीपर इकराम अलिखिल के हाथों कैच करा दिया। वार्नर को रहमत शाह ने जीवनदान दिया।

वार्नर ने नवीन और मुजीब पर चौके मारे। मिशेल मार्श (24) ने अजमतुल्लाह का स्वागत चौके और छक्के के साथ किया। उन्होंने नवीन पर भी छक्का जड़ा, अगली गेंद को पूरी तरह से चूककर पगबाधा हो गए।

अजमतुल्लाह ने वार्नर (18) और जोश इंगलिस (00) को लगातार गेंदों में पवेलियन भेजा। वार्नर अंदर की ओर आती गेंद पर आउट हुए, इंगलिस ने स्लिप में जादरान को कैच थमा बैठे। मार्नस लाबुशेन भी 28 गेंद में 14 रन बनाने के बाद ग्लेन मैक्सवेल के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए।

मार्कस स्टोइनिस (06) राशिद की गेंद पर गैरजरूरी रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में पगबाधा हुए, इस लेग स्पिनर ने मिशेल स्टार्क (03) को विकेट के पीछे कैच कराके ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 91 रन किया। रीप्ले में दिखा कि गेंद स्टार्क के बल्ले से नहीं लगी थी।

ऑस्ट्रेलिया के रनों का शतक 21वें ओवर में पूरा हुआ। मैक्सवेल ने एक छोर संभाले रखा। उन्हें 33 रन के स्कोर पर नूर अहमद की गेंद पर मुजीब ने जीवनदान भी दिया।

इससे पहले वह डीआरएस की मदद से पगबाधा के फैसले को भी बदलवाने में सफल रहे। उन्होंने नूर पर चौके के साथ 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अर्धशतक पूरा करने के बाद मैक्सवेल ने तूफानी तेवर अपनाए। उन्होंने नूर पर लगातार दो छक्के मारने के बाद मुजीब पर लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा।

मैक्सवेल ने नूर अहमद की गेंद पर एक रन के साथ सिर्फ 76 गेंद में शतक पूरा किया। वह पैर में जकड़न के बावजूद डटे रहे। ऑस्ट्रेलिया को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 60 रन की दरकार थी और मैक्सवेल ने अकेले दम पर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इससे पूर्व चार साल पहले वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 21 वर्षीय जादरान ने अपने सिर्फ 26वें मैच में पांचवां शतक जड़ा। वह विश्व कप में शतक मारने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने वाले भी अपने देश के पहले बल्लेबाज बने।

विश्व कप में इससे पहले अफगानिस्तान की ओर से सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर समीउल्लाह शिनवारी के नाम था जिन्होंने 2015 विश्व कप के दौरान डुनेडिन में स्कॉटलैंड के खिलाफ 96 रन बनाए थे।

जादरान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के फैसले को सही साबित किया और बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर नाबाद वापस लौटते हुए अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

गेंदबाजों को विकेट से मदद नहीं मिल रही थी और अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने सतर्क शुरुआत की। रहमानुल्लाह गुरबाज (21) आउट होने वाले पहले बल्लेबाज रहे जब उन्होंने आठवें ओवर में जोश हेजलवुड (39 रन पर दो विकेट) की गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर मिशेल स्टार्क को आसान कैच थमा बैठे।

जादरान और रहमत शाह (30) ने दूसरे विकेट के लिए 100 गेंद में 83 रन की साझेदारी करके पारी को संभालते हुए अफगानिस्तान के लिए अच्छा मंच तैयार किया।

बीच के ओवरों में अजमतुल्लाह उमरजई ने 18 गेंद में दो छक्कों और एक चौके से 22 रन की पारी खेलकर रन गति में इजाफा करने की कोशिश की। उन्हें लेग स्पिनर एडम जम्पा (58 रन पर एक विकेट) ने आउट किया जो विश्व कप में अब तक 20 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

राशिद खान ने अंत में 18 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों से नाबाद 35 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 300 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जादरान ने हेजलवुड की गेंद पर दो रन के साथ 131 गेंद में शतक पूरा किया। जादरान और राशिद ने अंत में 28 गेंद में 58 रन की अटूट साझेदारी की।