Trending

चोट से उबरकर वापसी के लिए पाक ऑलराउंडर शादाब खान तैयार

पाक ऑलराउंडर शादाब खान सिर में लगी चोट से उबरकर वापसी के लिए तैयार नजर आ रहे हैं, इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले विश्व कप मैच से पहले कप्तान बाबर आजम ने यहां अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया।

पाक प्लेयर्स ने दो दिन तक कोलकाता घूमने के बाद बुधवार की शाम को तीन घंटे तक अभ्यास सत्र में भाग लिया। सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखने के लिए उसे इंग्लैंड के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।

शादाब ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में चोटिल होने के बाद पहली बार गेंदबाजी की। यह 25 वर्षीय बल्लेबाज क्षेत्ररक्षण करते समय गिर गया था और उनके सिर में चोट लगी थी। इसके कारण वह बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले दो मैच में नहीं खेल सके थे।

उन्होंने अभ्यास सत्र के दौरान अपनी पूरी क्षमता से गेंदबाजी की और उसके बाद बल्लेबाजी का भी अभ्यास किया। बाबर के प्रदर्शन में निरंतरता नहीं होने के चलते पाकिस्तान को बल्लेबाजी में जूझना पड़ा है।

उन्होंने आठ पारियों में चार अर्धशतक मारे हैं, वह अपनी किसी भी अच्छी शुरुआत को शतक में नहीं बदल सके हैं। यही वजह है कि उन्होंने विश्व रैंकिंग में अपना नंबर एक स्थान गंवा दिया है।

बाबर बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब दिख रहे हैं और इसलिए उन्होंने नेट पर सबसे ज्यादा समय बिताया और विशेषकर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का सामना किया। उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ स्वीप शॉट भी लगाए, वह आदिल राशिद और मोईन अली का डटकर सामना कर सकें।

पसलियों में दर्द के चलते एमआरआई करने वाले तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी अभ्यास सत्र के दौरान अपनी पूरी क्षमता से गेंदबाजी की।

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच शनिवार को होने वाला मैच नए विकेट पर होगा, जिस पर विश्व कप का कोई मैच नहीं हुआ है। बंगाल क्रिकेट संघ के क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने इसे बल्लेबाजों के लिए अनुकूल विकेट करार दिया।

उन्होंने कहा,‘‘ इस विकेट से स्पिनरों को भी मदद मिलेगी और ओस के कारण इसका व्यवहार थोड़ा भिन्न होगा। मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि इस पर कितनी घास रखी जाएगी क्योंकि मैच होने में थोड़ा समय है।