आईसीसी रैंकिंग : भारत की बादशाहत बरक़रार, तीनों फॉर्मेट में नंबर वन
आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया का एकछत्र राज नजर आ रहा है। टीमों फॉर्मेट में भारत इस समय नंबर वन टीम है, 5 खिलाड़ी इस समय अलग-अलग फॉर्मेट में आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन पर हैं।
इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत का इंटरनेशनल क्रिकेट में डंका बज रहा है। वर्ल्ड कप में इसका जीता जागता उदाहरण देखने को मिला है, क्योंकि टीम लगातार 8 मैच जीती है।

भारत इस समय टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल की आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष पर है। टेस्ट में जरूर ऑस्ट्रेलिया करीब है, क्योंकि दोनों के अंक बराबर (118-118 अंक) हैं, वनडे और टी20 में टीम इंडिया और दूसरे नंबर वाली टीमों में काफी अंतर हैं।
वनडे क्रिकेट में 121 रेटिंग अंक हैं, ऑस्ट्रेलिया के 114 अंक हैं। टी20 में भारत के खाते में 265 और इंग्लैंड के खाते में 259 रेटिंग अंक हैं। आईसीसी प्लेयर्स रैंकिंग की बात करें तो वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में नंबर वन बल्लेबाज और नंबर वन गेंदबाज भारतीय है, टेस्ट में नंबर वन बॉलर और नंबर वन ऑलराउंडर इंडियन है।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नंबर वन बैटर भारतीय है। वनडे में शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज का जलवा है, टेस्ट में नंबर वन गेंदबाज आर अश्विन और नंबर वन ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा हैं, नंबर वन टी20 बैटर सूर्यकुमार यादव हैं।
भारत के कई और खिलाड़ी इस समय आईसीसी रैंकिंग में टॉप 10 में हैं। टेस्ट में बैटिंग में रोहित शर्मा टॉप 10 में हैं, बॉलिंग में अश्विन के अलावा रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह टॉप 10 में हैं।
ऑलराउंडर्स में अक्षर पटेल टॉप 10 में हैं। वनडे में बैटिंग में गिल के अलावा विराट कोहली और रोहित शर्मा टॉप 10 में हैं, गेंदबाजी में कुलदीप यादव टॉप 10 में हैं। टी20 में हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर्स में दूसरे स्थान पर हैं।