Trending

पाक टीम के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के लिए पूरी तरह से नहीं बंद हुए दरवाजे

न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को वर्ल्ड कप के 41वें मैच में पांच विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा है।

कीवी की जीत से पाक को धक्का लगा है क्योंकि अगर न्यूजीलैंड ये मैच हार जाती, तो पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ अपने अंतिम लीग मैच में जीत से ही सेमीफाइनल में एंट्री मिल जाती।

साभार : गूगल

न्यूजीलैंड ने आखिरी लीग मैच जीतकर 9 मैच में 10 अंक हासिल कर लिए हैं और इसी के साथ वह सेमीफाइनल में जगह बनाने के काफी करीब है।

पाकिस्तान के लिए दरवाजे पूरी तरह से बंद नहीं हुए हैं, टॉप-4 में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ उनके प्लेयर्स को कुछ चमत्कार करना होगा। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शनिवार (11 नवंबर) को मैच होगा।

न्यूजीलैंड अंक तालिका में 9 मैच में 10 अंक और +0.743 के नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है। पाकिस्तान ने 8 मैच में से 4 जीते और 4 हारे हैं। टीम आठ अंक और +0.036 नेट रन रेट के साथ पांचवें स्थान पर है।

अफगानिस्तान का हाल भी पाकिस्तान जैसा है, उनका नेट रन रेट -0.338 है, जोकि अन्य टीमों की तुलना में काफी खराब है, ऐसे में अफगानिस्तान से सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगाना बेईमानी होगी।

वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की पांचवीं जीत के साथ पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म है। पाकिस्तान के पास एक उम्मीद की किरण है, जिसमें उन्हें गत विजेता इंग्लैंड को करारी शिकस्त देनी पड़ेगी।

दरअसल पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड मैच में अगर इंग्लैंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करती है तो पाकिस्तान सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो जाएगी।

अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे कम से कम 350 प्लस का लक्ष्य देना होगा और फिर इंग्लैंड को 287 रन से हराना होगा।

पाक टीम पहले गेंदबाजी करती है तो उन्हें इंग्लैंड द्वारा मिले लक्ष्य को 284 गेंद शेष रहते हासिल करना होगा। अगर पाकिस्तान ऐसा करने में सफल होती है तो वह न्यूजीलैंड से बेहतर रन रेट लेकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकती है।

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने लगातार आठ मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम थी। दक्षिण अफ्रीका ने 12 अंक के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल होगा। पहले सेमीफाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टक्कर होने की संभावना है।