दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अफगानिस्तान के लिए जीत जरुरी
वनडे वर्ल्ड कप का 42वां मैच आज दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। वैसे सेमीफाइनल में क्वालीफाई कर चुकी दक्षिण अफ्रीका 8 मैचों में 6 जीत और 2 हार के बाद 12 अंक लेकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है।
दूसरी तरफ अफगानिस्तान 8 मैचों में 4 जीत से 8 अंक लेकर छठे नंबर पर है। उसे सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने के लिए आज का मैच 438 रन के अंतर से मैच जीतना होगा।

अगर टीम स्कोर डिफेंड करने उतरी तो मैच शुरू होने से पहले ही रेस से बाहर हो जाएगी। दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान की टीमें वनडे में केवल एक बार भिड़ी हैं। यह मैच 2019 वर्ल्ड कप में हुआ था। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से जीत मिली थी। इसके अलावा दोनों कभी भी आमने-सामने नहीं हुईं।
वनडे वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को हराकर अपने सफर का शानदार आगाज किया। इसके बाद दूसरे मैच में टीम ने पांच बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया को हराया।
तीसरे मैच में नीदरलैंड से हारने के बाद टीम ने इंग्लैंड, बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराया। हालांकि पिछले मैच में उसे मेजबान भारत के खिलाफ हार मिली।
दक्षिण अफ्रीका के ओपनर क्विंटन डी कॉक टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उनके नाम 8 मैचों में चार शतक हैं। उनके नाम 550 रन हैं। लेफ्ट आर्म मीडियम पेसर मार्को यानसन टीम के टॉप विकेट टेकर हैं, उनके नाम 17 विकेट हैं।
टूर्नामेंट में बैक टु बैक सरप्राइज देने वाली अफगानिस्तान 8 में से 4 मैच जीती। टीम को पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोमांचक मैच में हार मिली। अफगान टीम इससे पहले मौजूदा विजेता इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड जैसी टीमों को मात दी थी।
टीम सेमीफाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है, टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन से उन्होंने 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में जगह पक्की कर ली है। 438 रन के अंतर से आज तक कोई टीम वनडे में नहीं जीती है, ऐसे में अफगानिस्तान अब सेमीफाइनल की रेस से बाहर ही है।
अफगानिस्तान से ओपनर इब्राहिम जादरान ने सबसे ज्यादा 361 रन बनाए हैं। 9 विकेट लेने वाले राशिद खान टीम टॉप विकेटटेकर हैं। अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है, इस पर गेंदबाजों को भी मदद मिलती है।
यहां बीच के ओवरों में स्पिनर्स को सपोर्ट मिलता है। इस वर्ल्ड कप का यहां चौथा मैच खेला जाएगा। यहां अब तक हुए 29 वनडे में 15 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीमों ने जीते। 14 मैच में चेज करने वाली टीमों को जीत मिली।
फर्स्ट इनिंग में एवरेज टोटल 243 रन है। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 365 रन है, जो दक्षिण अफ्रीका ने ही भारत के खिलाफ 2010 में बनाया था। लोवेस्ट स्कोर 85 है, जो जिम्बाब्वे ने 2006 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। अहमदाबाद में आज मौसम साफ रहेगा। बारिश की केवल 1% आशंका है। टेम्परेचर 22 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
संभावित प्लेइंग इलेवन
दक्षिण अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रासी वान डर डसन, ऐडन मार्करम, हेनरिक क्लासन, डेविड मिलर, मार्को यानसन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा और तबरेज शम्सी
अफगानिस्तान : हशमतुल्लाह शहीदी (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह ओमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद और नवीन उल हक