Trending

वर्ल्ड कप से पाकिस्तान बाहर, जीत के साथ इंग्लैंड का अभियान खत्म

बेन स्टोक्स (83 रन) की पारी के बाद डेविड विली (तीन विकेट) की गेंदबाजी से इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 93 रन से मात देकर अपने निराशाजनक अभियान का जीत से अंत करने के साथ ही 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी जगह पक्की कर ली।

इंग्लैंड ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 337 रन का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में पाकिस्तान 43.3 ओवर में 244 रन बनाकर आउट हो गई। इंग्लैंड ने इस तरह से नौ मैच में छह अंक लेकर अपने अभियान का अंत किया। वह अंक तालिका में सातवें स्थान पर रहा।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

वर्ल्ड कप में शीर्ष आठ में रहने वाली टीमें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई करेंगी। पाकिस्तान पांचवें स्थान पर रहा, उसने मेजबान होने की वजह से चैंपियंस ट्रॉफी के लिए स्वत: ही क्वालीफाई कर लिया था।

इस मैच के बाद यह भी तय हो गया कि भारत सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा, दूसरा सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा।

इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स (76 गेंदों पर 84 रन), जॉनी बेयरस्टो (61 गेंदों में 59 रन) और जो रूट (72 गेंदों में 60 रन) ने अर्धशतक मारे। पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने 64 रन देकर तीन, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद वसीम ने दो-दो विकेट झटके।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की, कोई भी उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाया। उसकी तरफ से आगा सलमान ने 45 गेंद पर 51 रन बनाए।

डेविड विली इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके अलावा गस एटकिंसन, मोईन अली और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट झटके।

पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 6.4 ओवर में लक्ष्य हासिल करना था, इस मुकाम तक वह 30 रन ही बना पाया और उसने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (00) और फखर जमां (01) के विकेट भी गंवा दिए थे। इन दोनों को डेविड विली ने आउट किया।

कप्तान बाबर आजम (45 गेंदों पर 38 रन) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। उन्होंने एटकिंसन की शॉर्ट पिच गेंद पर पुल करके मिड विकेट पर कैच दिया। पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने इसके बाद सतर्कता बरती जिस कारण वह 22 ओवर में तिहरे अंक में पहुंचा।

एटकिंसन के अलावा दोनों स्पिनर मोईन अली और आदिल रशीद ने कसी हुई गेंदबाजी की। पाकिस्तान के बल्लेबाज तेजी दिखाने का प्रयास करते कि मोईन ने मोहम्मद रिजवान (52 गेंद पर 36 रन) व राशिद ने सौद शकील (37 गेंद पर 29 रन) को आउट करके उन्हें बैकफुट पर भेजा।

सलमान और अफरीदी (25) के प्रयासों से पाकिस्तान ने 188 रन की संख्या पार करके अपना पांचवा स्थान पक्का किया।
विली ने सलमान को आउट करके वनडे क्रिकेट में अपना 100वां विकेट हासिल किया।

रऊफ (35) और मोहम्मद वसीम (नाबाद 16) ने आखिरी विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी करके हार का अंतर कम किया।
इससे पहले इंग्लैंड का स्कोर 40 ओवर के बाद दो विकेट पर 240 रन था। उसने अंतिम 10 ओवर में 97 रन बनाए, इस बीच सात विकेट भी गंवाए।

रऊफ ने रिवर्स स्विंग लेती गेंद पर स्टोक्स को आउट करके उन्हें शतक नहीं बनाने दिया। रऊफ किसी एक टूर्नामेंट में 500 से अधिक रन देने वाले पहले एशियाई गेंदबाज भी बने।

स्टोक्स ने पुल और रिवर्स स्वीप का अच्छा नमूना पेश किया तथा अपनी पारी में दो छक्के और 11 चौके मारे। उन्होंने रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए 132 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

बेयरस्टो और डेविड मलान (39 गेंदों पर 31 रन) ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़कर इंग्लैंड को तेजतर्रार शुरुआत दिलाई। अफरीदी और रऊफ ने पहले तीन ओवर में बल्लेबाजों को परेशान किया, इसके बाद गेंद ने लगातार सीमा रेखा के दर्शन किए जिससे इंग्लैंड पहले पावरप्ले में 72 रन बनाने में सफल रहा।

मलान के आउट होने से यह साझेदारी टूटी। स्पिनर इफ्तिखार अहमद की गेंद पर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने गोता लगाकर उनका कैच लपका। बेयरस्टो अपने अर्धशतक को शतक में नहीं बदल सके। उन्होंने रऊफ को अपना विकेट इनाम में दिया।

पाकिस्तान का क्षेत्रक्षण अच्छा नहीं रहा। उन्होंने कुछ कैच टपकाए जिनमें स्टोक्स का कैच भी है। जब वह 10 रन पर खेल रहे थे तब अफरीदी ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच छोड़ा था।

अफरीदी ने इससे पहले मलान को भी जीवनदान दिया था। तब इस बल्लेबाज ने खाता भी नहीं खोला था। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर लंबी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 27 रन बनाए, हैरी ब्रुक ने 30 रन का योगदान दिया।