कुमामोटो मास्टर्स जापान में चुनौती पेश करेंगे एचएस प्रणय
आज से शुरू हो रहे कुमामोटो मास्टर्स जापान में भारत के स्टार शटलर एचएस प्रणय, चिराग शेट्टी-सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, किदांबी श्रीकांत व लक्ष्य सेन चुनौती पेश करेंगे।
एचएस प्रणय इस टूर्नामेंट में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। बैडमिंटन रैंकिंग के शीर्ष 10 में भारत के प्रणय एकमात्र पुरुष एकल खिलाड़ी हैं। उन्हें पीठ की चोट की वजह से डेनमार्क और फ्रेंच ओपन से बाहर होना पड़ा था।
सातवीं वरीयता प्राप्त भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पुरुष एकल के शुरुआती दौर में हांगकांग के गैरवरीयता प्राप्त ली चेउक युई से टक्कर होगी। बैडमिंटन के लिए क्वालिफिकेशन विंडो इस साल एक मई को शुरू हुई और अप्रैल 2024 तक रहेगी।

विश्व नंबर 17 लक्ष्य सेन और विश्व नंबर 23 किदांबी श्रीकांत भी पुरुष एकल में पेरिस ओलंपिक के लिए अपनी संभावनाओं को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक की तलाश में होंगे।
लक्ष्य सेन को तीसरी वरीयता प्राप्त जापान के कोडाई नाराओका से आमना-सामना होगा, श्रीकांत को बेहतर ड्रा मिला है। पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत क्वालीफायर में से एक का सामना करेंगे।
प्रियांशु राजावत को क्वालीफायर से बाई मिला है और मुख्य ड्रॉ में उनका मैच चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा। पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 500 टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा नहीं करेंगी।
पुरुष एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया के पांचवें नंबर की जोड़ी, चीनी ताइपे की दुनिया की 21वें नंबर की जोड़ी चिंग याओ लू और पो हान यांग के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। महिला एकल, महिला युगल और मिश्रित युगल स्पर्धा में कोई भारतीय शटलर भाग नहीं ले रहे है।