कुमामोटो मास्टर्स जापान : चिराग-सात्विक की पहले दौर में हार
एशियाई खेलों के विजेता चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को कुमामोटो मास्टर्स जापान पुरुष युगल बैडमिंटन स्पर्धा के पहले दौर में हार मिली।
भारतीय जोड़ी को सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के 32वें राउंड में चीनी ताइपे की दुनिया की 21वें नंबर की जोड़ी लू चिंग याओ और यांग पो हान ने 63 मिनट तक चले मैच में 21-16, 18-21, 16-21 से हराया।
भारतीय जोड़ी ने धीमी शुरुआत की और शुरुआत में 0-3 से पीछे थी। इसके बाद उन्होंने 3-3 से बराबरी की और एक समय चार अंकों की बढ़त हासिल कर ली। लू चिंग याओ और यांग पो हान ने वापसी करते हुए स्कोर 17-16 कर दिया, भारतीय जोड़ी ने लगातार चार अंक हासिल कर पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरा गेम कांटे का मैच साबित हुआ। भारतीय जोड़ी ने एक समय 9-6 की बढ़त हासिल कर ली थी, इसके बाद ताइपे की जोड़ी ने बेहतरीन वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-18 से अपने नाम या और मैच तीसरे गेम में चला गया।
निर्णायक मैच में दोनों जोड़ियों ने लंबी रैलियां खेलीं। एक समय स्कोर 10-10 से बराबर था, ताइपे की जोड़ी ने भारतीयों पर कुछ बॉडी स्मैश लगाए, जिन्होंने कुछ अप्रत्याशित गलतियां कीं जिससे ताइपे की जोड़ी ने आसानी से तीसरा सेट 21-16 से अपने नाम कर मैच भी जीत लिया। एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन और प्रियांशु राजावत बुधवार को एकल वर्ग में अपना-अपना मैच खेलेंगे।