Trending

ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी छोड़ने के मूड में नहीं है पैट कमिंस

भारत में जारी वनडे वर्ल्ड कप के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई पेसर पैट कमिंस ने टीम के वनडे कप्तान बने रहने की इच्छा जाहिर की है। कमिंस को पहले टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी, एरोन फिंच के पिछले साल अचानक संन्यास लेने के बाद उन्हें वनडे कप्तान भी बनाया गया।

हालांकि, उनकी आलोचना उस समय हुई, जब टीम वर्ल्ड कप के पहले दो मैचों में हार गई, अगले सात मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने कमाल कर लिया।

शुरूआती दो मैच हारने के बाद सात जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले कमिंस ने कप्तानी बरकरार रखने का दावा पुख्ता किया।

वनडे कप्तान के तौर पर भविष्य के बारे में पूछने पर कमिंस ने कहा, ”बिल्कुल। हम इस पर बात करेंगे। मैं, एंड्रयू (मुख्य कोच) और जॉर्ज (चयनकर्ता) सभी। इस टूर्नामेंट के बाद फोकस टेस्ट क्रिकेट पर रहेगा।

जैसा कि अतीत में होता आया है, सफेद गेंद के क्रिकेट से ध्यान हटाकर टेस्ट क्रिकेट पर फोकस चला जाता है। उन्होंने आगे कहा, ”मैंने वर्कलोड मैनेजमेंट बखूबी किया है और किसी एक प्रारूप को छोड़ने की जरूरत नहीं है।

इस साल अंतरराष्ट्रीय व्यस्तताओं की वजह से आईपीएल से नाम वापिस लेने वाले पैट कमिंस 2024 सत्र के लिए नीलामी में अपना नाम देने का फैसला कर चुके हैं।

आईपीएल अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले होगा। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2022 के सीजन में कमिंस को साढ़े सात करोड़ रूपये में खरीदा था।

उन्होंने कहा, ”मुझे लगता है कि मैंने बहुत टी20 क्रिकेट नहीं खेला है। मुझे यह भी लगता है कि अभी तक इस फॉर्मेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है। मैं अगले साल आईपीएल की नीलामी में अपना नाम दूंगा और विश्व कप टीम में चयन का दावा पुख्ता करूंगा।

इस समय टी20 टीम में उनकी जगह पक्की नहीं है। अगर वे वर्ल्ड कप में कुछ कमाल करने में सफल होते हैं तो वे टीम में आने का ही नहीं, बल्कि कप्तान बने रहने का भी दावा ठोक सकते हैं।