Trending

यूपी के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में खुलेगा स्पोर्ट्स इंजरी डिपार्टमेंट

चोटिल प्लेयर्स को यूपी के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इलाज मिलेगा। इसके लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में स्पोर्ट्स इंजरी डिपार्टमेंट खुलेगा। इसमें खेलकूद के दौरान लगने वाली चोट का इलाज मिलेगा।

दूरबीन विधि से ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस बारे में विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। अभी प्रदेश के चुनिंदा मेडिकल संस्थानों में प्लेयर्स के इलाज की सुविधा है। इसमें किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) व मेरठ मेडिकल कॉलेज सहित दूसरे मेडिकल संस्थान शामिल है।

अब प्लेयर्स को उनके जिले में बेहतर इलाज मुहैया कराने की दिशा में कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए सभी मेडिकल कॉलेजों में स्पोर्ट्स इंजरी विभाग खोला जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने बोला कि, नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के मानकों के आधार पर विभाग या यूनिट का संचालन किया जाएगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने बोला कि कुश्ती, क्रिकेट, हॉकी, बालीवॉल, फुटबाल समेत दूसरे खेलकूद की गतिविधियों में प्लेयर्स को चोट लग जाती है। समुचित इलाज के लिए प्लेयर्स को परेशानी होती है।

समय पर इलाज न मिलने से काफी दिक्कतें होती हैं। अब सभी मेडिकल कॉलेजों में प्लेयर्स को इलाज मिलने से काफी राहत मिलेगी। डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।