विराट व अय्यर का शतक, भारत ने न्यूजीलैंड को दी 398 रन की चुनौती
विराट कोहली (117) के वनडे में ऐतिहासिक 50वें शतकीय प्रहार और श्रेयस अय्यर (105) के शतक से भारत ने विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 398 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने समाचार लिखे जाने तक 2 विकेट के नुकसान पर 55 रन बना लिए थे।
आज मैच में भारत ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 397 रन बनाए। टीम से कप्तान रोहित ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने 29 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों से 47 रन की पारी खेली।
शुभमन गिल ने विराट के साथ मिल कर पारी आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 93 रन की साझेदारी हुई थी कि गिल की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। जिस कारण वो रिटायर्ड हर्ट हो गए।

गिल के पवेलियन लौटने के बाद विराट और अय्यर ने कमान संभाली और 163 रन जोड़े। इस बीच कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में कीर्तिमान बनाते हुए 50वां शतक मारा। इस शतक के साथ कोहली ने सचिन के 49 शतकों के रिकॉर्ड को भी तोड़ा।
कोहली के आउट होने के बाद अय्यर ने केएल राहुल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। तभी अय्यर 70 गेंदों पर 105 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आउट हुए।
शुभमन गिल क्रीज पर उतरे और राहुल के साथ मिलकर स्कोर को 397 तक पहुँचाया। शुभमन गिल 80 रन और केएल राहुल 39 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूज़ीलैंड की तरफ से टिम साउथी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके, बोल्ट को एक सफलता मिली।