पाक क्रिकेट : बाबर आजम ने छोड़ी तीनों फॉर्मेट की कप्तानी
बाबर आजम ने पाक की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक नोट के जरिये इस्तीफा दिया। इसमें उन्होंने लिखा कि यह फैसला लेने का सही समय है। बाबर ने अवसर देने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का आभार जाहिर किया है।
उन्होंने अपने नोट में लिखा- मुझे वह क्षण अच्छी तरह से याद है जब मुझे 2019 में पाकिस्तान का नेतृत्व करने के लिए पीसीबी से कॉल आया था। पिछले चार सालों में मैंने मैदान पर और बाहर कई उतार-चढ़ाव का अनुभव किया है, मैंने पूरे दिल से और पूरी लगन से पाकिस्तान के गौरव और सम्मान को बनाए रखने का लक्ष्य रखा है।
क्रिकेट की दुनिया में टेस्ट में पाकिस्तान को नंबर एक स्थान पर पहुंचाना प्लेयर्स, कोचों और प्रबंधन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम था, मैं इस यात्रा के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट प्रशंसकों के अटूट समर्थन के लिए उनका आभार जाहिर करना चाहता हूं।

उन्होंने आगे लिखा- आज, मैं सभी प्रारूपों में पाकिस्तान के कप्तान के रूप में पद छोड़ रहा हूं। यह एक कठिन निर्णय है, मुझे लगता है कि यह इस फैसले के लिए सही समय है। मैं तीनों प्रारूपों में एक खिलाड़ी के रूप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना जारी रखूंगा।
मैं अपने अनुभव और समर्पण से नए कप्तान और टीम का समर्थन करने के लिए यहां हूं। मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को हार्दिक धन्यवाद देना चाहता हूं।
विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद से ही बाबर के कप्तानी छोड़ने की बात सामने आ रही थी। यहां तक कि पीसीबी अध्यक्ष जका अशरफ और बाबर आजम के बीच बात भी नहीं हो रही थी। टूर्नामेंट के बीच में मुख्य चयनकर्ता इंजमाम उल हक ने इस्तीफा दे दिया था।
गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने भी इस्तीफा दे दिया था। पीसीबी ने पूरी चयन समिति को ही बर्खास्त कर दिया। मिकी आर्थर की अगुवाई वाली कोचिंग पैनल को भी बर्खास्त करने की बात चल रही है।
बाबर की कप्तानी में पाकिस्तान ने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 134 मैच खेले हैं। इसमें पाकिस्तान को 78 मैच में जीत मिली, 44 में हार मिली। एक मैच टाई, सात मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।
बाबर ने 2019 में कप्तानी शुरू की थी। बाबर ने बतौर कप्तान तीनों फॉर्मेट मिलाकर 134 मैचौं की 142 पारियों में 48.03 की औसत से 6292 रन बनाए थे। इसमें 15 शतक और 48 अर्धशतक हैं।
सबसे पहले उन्हें टी20 फॉर्मेट का कप्तान बनाया गया। 2020 में वह वनडे और 2021 में टेस्ट के कप्तान बने। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 20 टेस्ट खेले और 10 में जीत दर्ज की। छह मैचों में पाकिस्तान को हार मिली। चार मैच ड्रॉ रहे। बाबर ने बतौर टेस्ट कप्तान 20 मैचों की 35 पारियों में 50.79 की औसत से 1727 रन बनाए। इनमें चार शतक और 11 अर्धशतक है।
वनडे में बाबर ने 43 मैचों में कप्तानी की। इसमें से पाकिस्तान ने 26 मैच जीते और 15 में हार मिली। एक मैच टाई रहा और एक का कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने बतौर वनडे कप्तान 43 मैचों की 42 पारियों में 60.76 की औसत से 2370 रन बनाए थे। इनमें आठ शतक और 17 अर्धशतक हैं।
टी20 में बाबर पाकिस्तान के लिए सबसे अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले और सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने टी20 में 71 मैचों में कप्तानी की और पाकिस्तान ने 42 मैच जीते।
23 मैचों में पाकिस्तान को हार मिली। छह मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। बाबर ने बतौर टी20 कप्तान 71 मैचों की 65 पारियों में 37.84 की औसत और 129.49 के स्ट्राइक रेट से 2195 रन बनाए थे। इनमें तीन शतक और 20 अर्धशतक हैं।