Trending

कोहली- अय्यर का शतक, शमी ने झटके सात विकेट, भारत फाइनल में

विराट कोहली (117 रन), श्रेयस अय्यर (105 रन) के शतक के बाद मोहम्मद शमी (सात विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रन से मात देकर सेमीफाइनल में हारने के मिथक को तोड़ते हुए चौथी बार फाइनल में जगह बनाई।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 397 रन बनाए। जवाब में कीवी टीम 48.5 ओवर में 327 रन बनाकर ढेर हो गई। अहमदाबाद में रविवार को होने वाले फाइनल में भारत का मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

भारत इससे पहले 1983, 2003 और 2011 में फाइनल में पहुंचा था। कोहली ने 117 गेंद पर 113 रन, श्रेयस अय्यर ने 70 गेंद पर 105 रन बनाए। दोनों ने 128 गेंद पर 163 रन जोड़े।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

कप्तान रोहित ने 29 गेंद पर 47 रन की पारी खेल कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई, रिटायर्ड हर्ट होने वाले शुभमन गिल ने अंतिम ओवर में वापसी की और 66 गेंद पर नाबाद 80 रन की पारी खेली। केएल राहुल 20 गेंद पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय दो विकेट पर 39 रन था, डेरिल मिचेल (119 गेंद पर 134) और कप्तान केन विलियमसन (73 गेंद पर 69 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी की। मिचेल ने अपनी पारी में नौ चौके और सात छक्के मारे।

शमी ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 57 रन देकर सात विकेट लेकर भारतीय रिकॉर्ड बनाया। कोहली ने 106 गेंद पर अपना शतक पूरा करके तेंदुलकर के सामने उनका वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड तोड़ा। वह वनडे में शतकों का अर्धशतक पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बने।

उन्होंने इस पारी के दौरान किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने के तेंदुलकर (2003 में 673 रन) का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। कोहली के खिलाफ न्यूजीलैंड ने शुरू में ही एलबीडब्ल्यू के लिए डीआरएस लिया था।

कीवी गेंदबाज उन्हें किसी भी समय परेशान नहीं कर सके। उन्होंने सहजता से रन बनाए और टिम साउदी की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग में कैच देने से पहले अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के मारे।

पिछले मैच में शतक मारने वाले अय्यर ने अपनी उसी लय को बरकरार रखा और घरेलू मैदान वानखेड़े में छक्कों की बारिश से दर्शकों का मनोरंजन किया।

उन्होंने साउदी पर छक्का मारने के बाद अगली गेंद पर एक रन लेकर 67 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। अय्यर ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कैच देकर पवेलियन लौटे।

उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और आठ छक्के मारे। वह वर्ल्ड कप में एक पारी में सर्वाधिक छक्के मारने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। भारत की ओर से इस मैच में 19 छक्के लगे जो विश्व कप में उसका नया रिकॉर्ड है।

न्यूजीलैंड पर बड़े स्कोर का दबाव था और शमी ने छठे ओवर में गेंद थामकर अपनी पहली गेंद पर ही डेवोन कॉनवे (13) को आउट किया, जिनका विकेटकीपर राहुल ने शानदार कैच लपका।

शमी ने अपने अगले ओवर में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे रचिन रविंद्र (13) को भी विकेट के पीछे आउट कराकर न्यूजीलैंड को झटका दिया। विलियमसन और मिचेल दृढ़ इरादों के साथ मैदान पर उतरे थे।

सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद इन दोनों ने शुरू में धैर्य दिखाया और बाद में रन गति तेज की। मिचेल ने रविंद्र जडेजा की ढीली गेंदों को निशाना बनाया और 85 गेंद पर शतक पूरा करने से पहले बाएं हाथ के स्पिनर पर तीन छक्के मारे।

विलियमसन जब 52 रन पर थे तब शमी ने उनका आसान कैच छोड़ दिया था। इस तेज गेंदबाज ने कीवी कप्तान को इसका फायदा नहीं उठाने दिया और उन्हें डीप स्क्वायर लेग पर कैच कराकर भारत को सफलता दिलाई।

एक गेंद बाद उन्होंने नए बल्लेबाज टॉम लैथम को पगबाधा आउट करके न्यूजीलैंड को बैकफुट पर भेजा। विलियमसन ने अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ा।

मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स (33 गेंद पर 41) के साथ पांचवें विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। बुमराह ने फिलिप्स को आउट किया, शमी ने मिचेल की पारी का अंत करके तीसरी बार पांच या इससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया।

रोहित ने बोल्ट के पहले ओवर में दो चौके मारा बताया था कि वह बड़े शॉट खेलने से नहीं हिचकिचाएंगे। उन्होंने बोल्ट और साउदी दोनों को निशाने पर रखा। विलियमसन को छठे ओवर में ही बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सेंटनर को गेंद सौंपनी पड़ी।

भारतीय कप्तान ने उनका स्वागत चौके और छक्के से किया, साउदी पर ऊंचा शॉट मारते हुए समय उनकी टाइमिंग सही नहीं थी और विलियमसन ने दौड़ लगाकर उसे कैच में बदला।

उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और इतने ही छक्के मारे, विश्व कप में सर्वाधिक छक्के मारने के क्रिस गेल (49) के रिकॉर्ड को तोड़ा। रोहित की आतिशबाजी के बाद गिल ने जिम्मा संभाला। उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन को निशाने पर रखा और इस तेज गेंदबाज पर छक्का मारकर 13वें ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

उन्होंने 41 गेंद पर वनडे में अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया। जब वह 79 रन पर खेल रहे थे तब बाएं पांव में ऐंठन की वजह से उन्हें क्रीज छोड़नी पड़ी। उन्होंने प्रवाहमय बल्लेबाजी की और अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के मारे।

न्यूजीलैंड को किसी तरह की राहत नहीं मिली क्योंकि अय्यर ने एक तरह से गिल की पारी को ही आगे बढ़ाया। उन्होंने रविंद्र को कुंद करने के अलावा बोल्ट और साउदी की गेंद को भी छक्के के लिए भेजा।

कोहली ने भी साउदी पर छक्का जड़ा। राहुल ने पांच चौके और दो छक्के मारकर डेथ ओवरों में अपनी भूमिका बखूबी निभाई। कीवी टीम की ओर से साउदी ने 100 रन देकर तीन विकेट झटके।

भारत इससे पहले 1987, 1996, 2015 और 2019 में सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सका था। चार वर्ष पहले मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड ने उसका विजय अभियान थामा था, जिसका उसने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हिसाब चुकता किया।