जापान मास्टर्स : दूसरे दौर में प्रणय की हार, भारतीय चुनौती खत्म
भारतीय शटलर एचएस प्रणय यहां दूसरे दौर के मैच में चीनी ताइपे के चोउ टीएन चेन से हार के साथ बाहर हो गए, जिससे जापान मास्टर्स से सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती खत्म हो गई।
एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता प्रणय ने पहला गेम जीता, वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और विश्व में 12वें नंबर के खिलाड़ी चेन से 73 मिनट तक चले पुरुष एकल के मैच में 21-19 16-21 19-21 से हार कर बाहर हो गए।

इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे भारत के अन्य खिलाड़ी पहले दौर से आगे बढ़ाने में विफल रहे थे। विश्व में आठवें नंबर के भारतीय खिलाड़ी ने अच्छी शुरुआत की और पहले गेम के इंटरवल के समय वह 11-8 आगे थे। इसके बाद भी अपनी बढ़त बरकरार रखकर पहला गेम जीता।
चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने दूसरे गेम में 5-0 से बढ़त बनाकर अच्छी शुरुआत की। प्रणय ने अच्छी वापसी करके स्कोर 10 -10 से बराबर किया। चेन ने लगातार चार अंक बनाए और दूसरा गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
चेन ने तीसरे और निर्णायक गेम में शानदार शुरुआत की, एक समय वह 12-4 से आगे थे। प्रणय ने हार नहीं मानी और स्कोर 19-19 से बराबर किया। चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने लगातार दो अंक बनाकर मैच जीता।