वर्ल्ड कप फाइनल देखेंगे कई वीवीआईपी, 100 से अधिक चार्टर प्लेन का होगा इस्तेमाल
वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टक्कर होगी। अब जानकारी सामने आ रही है कि, पीएम मोदी भी अहमदाबाद में होने वाले फाइनल को देखने के लिए जाएंगे।
इस दौरान पीएम मोदी के साथ ऑस्ट्रेलिया के डिप्टी पीएम रिचर्ड मार्ल्स भी मौजूद रहेंगे। पीएम कार्यालय ने पीएम मोदी के मैच देखने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया गया।

पीएम मोदी के अलावा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और गौतम अडानी भी मौजूद रहेंगे। साथ ही फाइनल को देखने के लिए बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और अजय देवगन के भी आने की संभावना है। इसके अलावा भी कई दिग्गजों के आने की संभावना है।
एक अनुमान के अनुसार लगभग 100 चार्टर प्लेन अहमदाबाद और आसपास के हवाईअड्डों पर उतरेंगे। हालांकि अहमदाबाद हवाईअड्डे पर 30 से 40 चार्टर प्लेन के पार्क करने की व्यवस्था है। ऐसे में अहमदाबाद के आसपास के हवाईअड्डों पर भी इन चार्टर प्लेन को उतारा जा सकता है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल में भारत न्यूजीलैंड को 70 रनों से मात देकर फाइनल में पहुंची है। भारत ने टॉस जीत कर चार विकेट पर 397 रन बनाए।
जवाब में न्यूजीलैंड 48.5 ओवर में 327 रन बनाकर आउट हो गई थी। इससे पहले भारत ने एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में श्रीलंका को हराकर जीता था।
भारत ने लगातार सारे मैच जीते हैं। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को अपने पहले मैच में छह विकेट से हराया था। दूसरे मैच में भारत ने दिल्ली में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया था। तीसरा मैच इंडिया ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया।
इंडिया ने चौथे मैच में बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। भारत ने धर्मशाला में न्यूजीलैंड को चार विकेट से मात दी। छठे मैच में इंडिया ने लखनऊ में इंग्लैंड को 100 रनों से हराया। भारत ने श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड को हराया है।
बता दें कि भारत और आस्ट्रेलिया के बीच वनडे विश्व कप का फाइनल इससे पहले 2003 में हुआ था, टीम इंडिया ये मैच हार गई थी। ऐसे में दोनों टीम 20 साल बाद फिर से वर्ल्ड कप ट्रॉफी के लिए भिड़ेगी।