Trending

शमी के गांव में होगा मिनी स्टेडियम का निर्माण, साथ में ओपेन जिम भी

वनडे वर्ल्ड कप में अपने शानदार खेल प्रदर्शन के चलते सुर्ख़ियों में रहने वाले गेंदबाज मोहम्मद शमी के गांव सहसपुर अली नगर के दिन भी बहुरने वाले हैं।

प्रांतीय रक्षक दल के प्रस्ताव पर जिम्मेदार अफसरों ने उनके गांव में मिनी स्टेडियम निर्माण की कवायद शुरू की है। सीडीओ ने शुक्रवार को गांव पहुंचकर जमीन का मौका मुआयना कर जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। यहां पर एक जिम भी खोलने की तैयारी है।

प्रदेश के 20 जिले ऐसे हैं जहां ब्लाक स्तर पर प्लेयर्स के लिए कोई स्टेडियम नहीं है। शासन ने बीते दिनों एडवाइजरी जारी कर प्रांतीय रक्षक दल से इन ब्लॉकों में मिनी स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव भेजने का आदेश जारी किया था।

स्थानीय स्तर पर अफसरों ने जिले में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए जोया ब्लॉक क्षेत्र के गांव सहसपुर अली नगर का चयन किया था। बताते चले कि टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इसी गांव के निवासी हैं।

सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट लेकर उन्होंने भारतीय टीम को 12 साल बाद विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

पीएम मोदी समेत देश-प्रदेश की तमाम बड़ी हस्तियां उन्हें बधाई दे चुकी हैं। ऐसे में अब जिम्मेदार अफसरों को उनके गांव में बनने वाले मिनी स्टेडियम की लंबित पड़ी फाइल की सुध आई।

सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा शुक्रवार को विभागीय अफसरों के साथ गांव पहुंचे और मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए चयनित जमीन का मुआयना किया।

सीडीओ के अनुसार, मिनी स्टेडियम निर्माण के सभी मानक पूरे मिले हैं। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। बजट मिलते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।

डीएम राजेश कुमार त्यागी ने कहा कि शासन की ओर से 20 मिनी स्टेडियम बनाने के निर्देश थे। इनमें अमरोहा जनपद के लिए भी प्रस्ताव शामिल था।

उसी के आधार पर मोहम्मद शमी के गांव सहसपुर अली नगर में मिनी स्टेडियम के साथ ओपन जिम बनाने का प्रस्ताव बनाकर भेजा जा रहा है। वहां पर पर्याप्त जमीन है और उपयुक्त भी है।

जिले के दौरे पर शुक्रवार को पहुंचे प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने भी मोहम्मद शमी के खेल प्रदर्शन की तारीफ की। जिम्मेदार अफसरों को उनके गांव में विकास कार्य करवाने और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश दिया।

सीडीओ और डीपीआरओ सहित अन्य अफसरों ने गांव का निरीक्षण कर बताया कि गांव के चौराहों पर सोलर लाइट लगवाने के साथ ही जर्जर सड़कों तथा नालियों का निर्माण कराया जाएगा।

ग्रामीणों की पेंशन, राशन और आवास संबंधी समस्याओं का निदान भी कराया जाएगा। गांव में अगले दो दिन विशेष अभियान के तहत सफाई कराई जाएगी।