भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच फाइनल कल, दोनों टीमों में भिड़ंत का 40 साल पुराना इतिहास
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कल (19 नवंबर) को फाइनल होगा। भारत विजय रथ पर सवार है। टीम 10 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
दोनों टीमों की मौजूदा टूर्नामेंट में यह दूसरी टक्कर होगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया ने 150 वनडे खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 83 और भारत ने 57 मैच में जीत दर्ज की है। 10 मैचों का नतीजा नहीं निकला।
बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की वनडे वर्ल्ड कप में प्रतिद्वंद्विता 40 साल पुरानी है, जिसमें दोनों का अब तक 13 बार आमना-सामना हुआ है। दोनों की 2003 के वर्ल्ड कप फाइनल में भिड़ंत हुई थी और भारत को हार झेलनी पड़ी। रोहित ब्रिगेड इस जख्म को भरने की फिराक में होगी।

13 जून, 1983 : भारत और ऑस्ट्रेलिया की पहली बार 1983 वर्ल्ड कप में टक्कर हुई थी। यह मैच इंग्लैंड के नॉटिंघम में हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और ट्रेवर चैपल के 110 रन की बदौलत 320/9 का स्कोर बनाया।
भारतीय कप्तान कपिल देव ने पांच विकेट झटके और 27 में 40 रन की पारी खेली। उन्होंने मैच में सर्वाधिक रन बनाए। खराब प्रदर्शन की वजह से भारत की पारी 158 रन पर सिमट गई। भारत को 162 रन से हार मिली।
20 जून, 1983 : दोनों का 1983 में दूसरी बार चेम्सफोर्ड में आमना-सामना हुआ। कपिल देव ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। यशपाल शर्मा ने सबसे अधिक 40 रन बनाए और भारत 247 रन पर ऑलआउट हो गया। मदन लाल और रोजर बिन्नी ने चार-चार विकेट झटके। भारत ने आस्ट्रेलियाई टीम को 129 रन पर ढेर कर दिया और मैच 118 रन से जीत लिया।
9 अक्टूबर, 1987 : भारत और ऑस्ट्रेलिया का यह मैच रोमांचक रहा। ज्योफ मार्श के 110 रन से ऑस्ट्रेलिया ने चेन्नई के मैदान पर 270/6 का स्कोर खड़ा किया। कृष्णामाचारी श्रीकांत और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई साझेदारी से भारत जीत की ओर बढ़ता हुए नजर आ रहा था।
श्रीकांत के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए दो रन चाहिए थे और मनिंदर सिंह स्ट्राइक पर थे। स्टीव वॉ ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया और ऑस्ट्रेलिया ने एक रन से मैच जीता।
22 अक्टूबर, 1987 : भारत ने 1987 के वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया से हार का बदला लिया। दोनों की जब दिल्ली में भिड़ंत हुई तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 289/6 जुटाए। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 45 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाने के अलावा मैच में तीन विकेट भी लिए थे। मनिंदर सिंह ने भी तीन शिकार किए। भारत ने 56 रनों से मैच जीता।
1 मार्च, 1992 : दोनों का वर्ल्ड कप 1992 में ब्रिस्बेन में आमना-सामना हुआ। बारिश की वजह से मैच को 47 ओवर का करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 237/9 रन बनाए।
भारत को 236 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। टीम को अंतिम गेंद पर जीत के लिए चार रन चाहिए थे और स्ट्राइक पर जवागल श्रीनाथ थे, दूसरे छोर पर वेंकटपति राजू थे। श्रीनाथ ने जब तीसरा रन लेने का प्रयास किया तो राजू शानदार थ्रो पर रनआउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने एक रन से बाजी मारी।
27 फरवरी, 1996 : ऑस्ट्रेलिया ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी की और मार्क वॉ के 135 में से 126 रन की पारी से 258 का स्कोर बनाया।
भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर ने 84 गेंदों में 90 रन बनाए। संजय मांजरेकर ने 62 रन का योगदान दिया, अन्य खिलाड़ी कुछ खास नहीं कर पाए और भारत 16 रन से हार गया।
4 जून, 1999 : मार्क वॉ ने लंदन के द ओवल में 99 में 83 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 282 रन जोड़े। जवाब में भारतीय बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया।
अजय जडेजा ने नाबाद 100 और रॉबिन सिंह ने 75 रन की पारी खेली। भारत की ओर से सिर्फ ये दोनों ही सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट नहीं हुए। ग्लेन मैकग्राथ 34 रन खर्च कर तीन शिकार किए और ऑस्ट्रेलिया ने 77 रन से मैच जीता।
15 फरवरी, 2003 : भारत को वर्ल्ड कप 2003 में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 9 विकेट से करारी हार मिली थी। भारत ने सेंचुरियन के मैदान पर पहले बल्लेबाजी की और कंगारू पेस अटैक के आगे टीम लड़खड़ा गई।
ब्रेट ली और जेसन गिलेस्पी ने तीन-तीन विकेट लिए। मैकग्राथ ने एक शिकार किया। भारतीय टीम 125 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 22.2 ओवर में 1 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
23 मार्च, 2003 : भारत वर्ल्ड कप 2003 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से टकराया। भारत ने जोहान्सबर्ग में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान रिकी पोंटिंग की नाबाद 140 रन की पारी की मदद से 359/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में भारत 39.2 ओवर में 234 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 125 रनों से खिताबी मैच जीता। भारत के लिए वीरेंद्र सहवाग ने 82 और राहुल द्रविड़ ने 42 रन बनाए। कप्तान सौरव गांगुली और युवराज सिंह ने 24-24 रन का योगदान दिया। सचिन तेंदलुकर 4 रन ही बना सके।
24 मार्च, 2011 : युवराज सिंह (नाबाद 57 के अलावा दो विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर भारत ने 1987 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को हराया।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। पोंटिंग ने अहमदाबाद में 104 रन की पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया ने 260/6 का स्कोर बनाया। तेंदुलकर, गौतम गंभीर और युवराज ने अर्धशतक जड़ा। भारत ने 47.4 ओवर में टारगेट चेज कर लिया।
26 मार्च, 2015 : भारत और ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप 2015 में सेमीफाइनल में भिड़ीं। यह मैच सिडनी में आयोजित हुआ। स्टीव स्मिथ के 105 रन से ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट के नुकसान पर 328 रन बनाए।
कप्तान धोनी ने 65 रन की पारी खेली और भारत 233 रन पर ऑलआउट हो गया। मिचेल जॉनसन, मिचेल स्टार्क और जेम्स फॉकनर ने अच्छी बॉलिंग की। ऑस्ट्रेलिया को 95 रन से जीती।
9 जून, 2019 : भारत ने 2019 में लंदन के द ओवल में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 352/5 का दमदार स्कोर खड़ा किया। कप्तान विराट ने 77 गेंदों में 82 रन जुटाए।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए डेविड वार्नर, स्मिथ और एलेक्स कैरी ने अर्धशतकीय पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया ने एक समय अच्छी पकड़ बना ली थी। अंत में बाजी भारत के हाथ लगी। ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हार का मुंह देखना पड़ा।
8 अक्टूबर, 2023 : भारत वर्ल्ड कप 2023 के लीग चरण में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और टीम 49.3 ओवर में 199 रन पर ढेर हो गई।
रविंद्र जडेजा ने तीन, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में कोहली ने 85 और केएल राहुल ने नाबाद 97 रन की पारी खेली। भारत ने 41.2 ओवर में 4 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।