Trending

प्रकाश पादुकोण की देखरेख में पीवी सिंधु करेगी प्रैक्टिस

ओलंपिक में तीसरा पदक जीतने की कवायद में लगी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु पेरिस में अगले साल होने वाले खेलों से पहले हैदराबाद की बजाय बेंगलुरु में प्रकाश पादुकोण की देखरेख में अभ्यास करेगी।

सिंधु ने सितंबर में पादुकोण की निगरानी में एक सप्ताह तक प्रैक्टिस की थी और एशियाई खेलों से पहले उन्होंने संकेत दिए थे कि वह आगे उनकी देखरेख में ही अभ्यास कर सकती है। इस खिलाड़ी ने सोशल मीडिया से इसका खुलासा किया है।

@Pvsindhu1

सिंधु ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,‘‘उन लोगों के लिए जो सोच रहे हैं और लगातार मुझसे पूछ रहे हैं, आखिरकार इसका खुलासा हो गया है। उन्होंने बोला,‘‘प्रकाश सर मेरे लिए मेंटर (मार्गदर्शक) की भूमिका निभा रहे हैं। मैंने अगस्त के आखिर से उनके साथ अभ्यास शुरू कर दिया था।

वह मेरे लिए मेंटर से भी बढ़कर हैं। वह मेरे लिए गाइड, गुरु और इससे भी बढ़कर एक सच्चे दोस्त हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके पास मुझसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने का जादू है।

सिंधु ने पुलेला गोपीचंद के मुख्य कोच रहते हुए रियो ओलंपिक 2016 में रजत पदक जीता था। इस साल फरवरी में वह अपने कोरियाई कोच पार्क ताए सांग से अलग हुई थी, जिनके रहते हुए उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।