Trending

वर्ल्ड कप फाइनल : टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को दी 241 रन की चुनौती

केएल राहुल (66 रन), विराट कोहली (54 रन) की पारी से वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी विकेट खोकर 240 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 241 रनों का लक्ष्य मिला है। भारत की ओर से विराट कोहली 54 और केएल राहुल ने 66 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया की शुरुआत खास नहीं रही। टीम से शुभमन गिल सात गेंद पर चार रन बनाकर आउट हो गए।

दूसरे छोर से कप्तान रोहित तेज खेल रहे थे, वह भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। रोहित ग्लेन मैक्सवेल के ओवर में कैच आउट हो गए। सेमीफाइनल में शतक मारने वाले श्रेयस अय्यर फाइनल में जल्दी आउट हो गए। वह तीन गेंद पर चार रन ही बना सके।

विराट ने केएल राहुल के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। विराट ने फाइनल में अपना अर्धशतक पूरा किया।

कोहली अपनी पारी को लंबी नहीं कर पाए और 29वें ओवर में पैट कमिंस की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 63 गेंद पर 54 रन बनाए। कोहली के बाद बल्लेबाजी करने आए रवींद्र जडेजा भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए।

टीम के 178 रन पर जडेजा 22 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो गए। केएल राहुल ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। टीम का छठा विकेट केएल राहुल के रूप में गिरा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे केएल 66 रन बनाकर आउट हो गए।

बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मद शमी 6 रन और जसप्रीत बुमराह एक रन बनाकर आउट हुए। सूर्यकुमार यादव बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में 28 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए।

कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज ने टीम के स्कोर को 240 रनों तक पहुंचाया। कुलदीप के रूप में टीम का अंतिम विकेट गिरा। कुलदीप ने 10 रन बनाए। सिराज 9 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह टीम इंडिया ने 50 ओवर में 10 विकेट खोकर 240 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस ने 2-2 विकेट, ग्लेन मैक्सवेल और एडम जम्पा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।