Trending

एटीपी फाइनल्स : रिकॉर्ड सातवीं बार नोवाक जोकोविच ने जीता खिताब

यानिक सिनर को सीधे सेटों में मात देकर नोवाक जोकोविच ने रिकॉर्ड सातवीं बार एटीपी फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच ने एक घंटा 43 मिनट तक चले मैच में स्थानीय खिलाड़ी सिनर को 6-3, 6-3 से मात देकर 36 वर्ष की उम्र में नई उपलब्धि हासिल की।

इस तरह से वर्ष की शुरुआत रिकॉर्ड से करने वाले जोकोविच ने साल का अंत भी नया रिकॉर्ड बनाकर किया। उन्होंने 2023 के शुरू में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपना रिकॉर्ड दसवां खिताब जीता था।

@atptour

उन्होंने फ्रेंच ओपन में जीत हासिल करके 23वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर राफेल नडाल के रिकॉर्ड को तोड़ा था। जोकोविच को विंबलडन के फाइनल में कार्लोस अल्कराज़ से हार मिली थी, इसके बाद उन्होंने अमेरिकी ओपन में खिताब जीता।

जोकोविच ने कहा,‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि मेरी जिंदगी का यह सर्वश्रेष्ठ सत्र रहा। इस सप्ताह शानदार प्रदर्शन करने वाले स्थानीय खिलाड़ी यानिक के खिलाफ जीत दर्ज करके खिताब हासिल करना शानदार रहा। एटीपी फाइनल्स में इससे पहले सर्वाधिक खिताब जीतने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से जोकोविच और रोजर फेडरर के नाम दर्ज था।