यूरो 2024 : इटली, स्लोवेनिया और चेक गणरज्य क्वालीफाई
पिछले दो विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में विफल रहे इटली ने अगले वर्ष होने वाली यूरोपीय फुटबाल चैंपियनशिप में अपनी जगह सुरक्षित करके राहत की सांस ली।
इटली के अलावा स्लोवेनिया और चेक गणराज्य ने भी यूरो 2024 के लिए क्वालीफाई किया। चेक गणराज्य के कोच जारोस्लाव सिलहावी ने मोल्दोवा के खिलाफ अंतिम सीटी बजने के बाद इस्तीफा दे दिया।
पिछले पांच वर्ष से इस पद पर बने सिलहावी ने बोला कि उन्होंने मैच से पहले ही यह फैसला लिया था। इटली को ग्रुप सी में दूसरा स्थान हासिल करने और प्लेऑफ से बचने के लिए एक अंक की जरूरत थी।

उसने यूक्रेन के खिलाफ गोल रहित ड्रा खेल कर यह अंक अर्जित किया और जर्मनी में होने वाले यूरो 2024 के लिए क्वालीफाई किया। इटली प्लेऑफ में हारने की वजह से पिछले दो विश्व कप के लिए क्वालीफाई ही नहीं कर पाया था।
यूक्रेन को ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल करने के लिए इटली पर जीत की जरूरत थी। उसे अब प्लेऑफ में खेलना पड़ेगा। इंग्लैंड इस ग्रुप से पहले ही क्वालीफाई कर चुका था। उसने उत्तरी मेसेडोनिया से 1-1 से ड्रॉ खेल कर अपना अजेय अभियान जारी रखा।
स्लोवेनिया और चेक गणराज्य को यूरो 2024 में जगह बनाने के लिए एक अंक की जरूरत थी। स्लोवेनिया ने कजाखस्तान को 2-1 से, चेक गणराज्य ने मोल्दोवा को 3-0 से हराया।