केकेआर में गौतम गंभीर की वापसी, कही ये बात
आईपीएल 2024 में गौतम गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटॉर की भूमिका में दिखाई देने वाले है। उन्होंने आज लखनऊ सुपर जायन्ट्स का साथ छोड़ने का ऐलान किया और कुछ मिनट बाद ही केकेआर जर्सी में फोटो शेयर कर लिखा कि मैं वापस आ गया हूं।
गंभीर की कप्तानी में केकेआर दो बार आईपीएल विजेता बन चुका है। गंभीर को आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल किया जाता है।
खिलाड़ी के तौर पर गंभीर ने अपना आईपीएल सफर दिल्ली कैपिटल्स के साथ खत्म किया था, इसके बाद वह एलएसजी के मेंटॉर बने।

वर्ल्ड कप 2023 खत्म होने के बाद इंडियन क्रिकेट फैन्स को अब आईपीएल 2024 का बेसब्री से इंतजार है। गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने 2012 और 2014 आईपीएल खिताब जीता था।
गौतम गंभीर ने अपने बयान में कहा, ‘मैं भावुक आदमी नहीं हूं, और बहुत कम चीजें मुझे हिला पाती हैं, यह बिल्कुल अलग है। यह वह जगह है, जहां से सबकुछ शुरू हुआ था।
आज मेरा गला भरा हुआ है और दिल में एक आग है, मेरी केकेआर में वापसी नहीं हो रही, बल्कि मैं सिटी ऑफ ज्वॉय में लौट रहा हूं। मैं वापस आ गया हूं, मैं भूखा हूं, मेरा नंबर 23 है, मैं केकेआर हूं।
गौतम गंभीर इंडियन क्रिकेटर के तौर पर 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे हैं। 2011 से 2017 तक गंभीर केकेआर टीम का हिस्सा रहे हैं। इस दौरान केकेआर टीम पांच बार प्लेऑफ में पहुंची और दो बार खिताब पर कब्जा जमाया।
केकेआर के को-ओनर और बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान ने कहा, ‘गंभीर हमेशा से परिवार का हिस्सा रहे हैं, हमारे कप्तान की घर वापसी हो रही है, जो मेंटॉर के अवतार में आ रहा है।
केकेआर के हेड कोच चंद्रकांत पंडित हैं। असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर और जेम्स फॉस्टर हैं, भरत अरुण टीम के बॉलिंग कोच हैं। 2021 में केकेआर फाइनल में पहुंचा था और चेन्नई सुपरकिंग्स से हार गया था। इसके बाद 2022 और 2023 में केकेआर सातवें स्थान पर रहा था।
लखनऊ सुपर जायन्ट्स का साथ छोड़ते हुए गंभीर ने कोचिंग स्टाफ, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को शुक्रिया अदा किया। गंभीर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में यह फ्रेंचाइजी टीम कमाल करेगी।