Trending

यूरो 2024 के लिए क्रोएशिया क्वालीफाई

कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद क्रोएशिया ने आर्मेनिया को 1-0 से मात देकर अगले साल जर्मनी में होने वाली यूरोपीय चैंपियनशिप (यूरो 2024) फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया।

ग्रुप डी में शीर्ष पर काबिज तुर्की के बाद दूसरे स्थान पर रहकर सीधे क्वालीफाई करने के लिए क्रोएशिया को जीत की दरकार थी। जग्रेब में हुए इस मैच में उसकी तरफ से महत्वपूर्ण गोल मिडफील्डर एंटे बुदिमीर ने 43वें मिनट में बोर्ना सोसा के क्रॉस पर हेडर से किया।

इस ग्रुप पर एक अन्य मैच में तुर्की ने वेल्स को 1-1 से बराबरी पर रोका। वेल्स को भी इस मैच में जीत की जरूरत थी, अब उसे मार्च में होने वाले प्लेऑफ में अपना भाग्य आजमाना होगा।

एथेंस में हुए एक मैच में यूनान ने फ्रांस को 2-2 से ड्रॉ पर रोककर क्वालीफाइंग में उसके विजय अभियान पर विराम लगाया। फ्रांस ने पिछले मैच में जिब्राल्टर को रिकॉर्ड 14 गोल से हराया था। यूरो 2024 के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके नीदरलैंड ने एक अन्य मैच में जिब्राल्टर को 6-0 से हराया।

मेजबान जर्मनी के अलावा अल्बानिया, ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, चेक गणराज्य, क्रोएशिया, डेनमार्क, इंग्लैंड, फ्रांस, हंगरी, इटली, नीदरलैंड, पुर्तगाल, रोमानिया, स्कॉटलैंड, सर्बिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, स्पेन, स्विट्जरलैंड और तुर्की यूरो 2024 के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। इस टूर्नामेंट का ड्रा दो दिसंबर को निकाला जाएगा।