प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद में सरदारधाम भवन का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद में सरदारधाम भवन का किया लोकार्पण

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शनिवार को अहमदाबाद में सरदारधाम भवन का लोकार्पण और सरदारधाम-द्वितीय चरण के कन्या छात्रालय के निर्माण के लिये भूमि पूजन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि किसी भी शुभ काम से पहले हमारे यहां गणेश पूजन की परंपरा है। सौभाग्य से सरदारधाम भवन का श्रीगणेश ही गणेश पूजन के अवसर पर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि कल श्रीगणेश चतुर्थी थी और अभी पूरा देश गणेशोत्सव मना रहा है। मैं आप सभी को गणेश चतुर्थी और गणेशोत्सव की हार्दिक बधाई देता हूं।


सरदारधाम समाज के कमजोर वर्ग के शैक्षिक और सामाजिक विकास एवं उनकी प्रगति की दिशा में काम करता रहा है। इसके साथ युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रहा है। सरदारधाम, अहमदाबाद में स्थित है, जहां छात्रों को आधुनिक और उत्कृष्ट सुविधायें प्रदान की जाती हैं।

यहं बन रहे कन्या छात्रावास में दो हजार लड़कियों को हॉस्टल की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा आर्थिक मानदण्डों से इतर सभी लड़कियों को मिलेगी। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाल, मनसुख मंडाविया और अनुप्रिया पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।