बिग बैश लीग नहीं खेल पाएंगे राशिद खान, करवाएंगे पीठ की सर्जरी
अफगानिस्तान के स्टार राशिद खान पीठ की चोट की सर्जरी की वजह से सात दिसंबर से शुरू होने वाली बिग बैश लीग (बीबीएल) में नहीं खेल पायेंगे।
राशिद की टीम एडीलेड स्ट्राइकर्स ने गुरूवार को ऐलान किया कि राशिद का छोटा सा ऑपरेशन होगा। इंग्लैंड के हैरी ब्रुक भी टीम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। राशिद 2017 से स्ट्राइकर्स के लिए खेल रहे हैं।

एडीलेड स्ट्राइकर्स के क्रिकेट महाप्रबंधन टिम निल्सन ने बोला, ‘‘राशिद स्ट्राइकर्स और प्रशसकों के पसंदीदा हैं जो सात वर्ष से हमारे लिए खेल रहे हैं इसलिये इन गर्मियों में उनकी कमी खलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘राशिद टीम के लिए बीबीएल में खेलना पसंद करते हैं और हम उनका समर्थन करते हैं क्योंकि उनका इस चोट के लिए उपचार किया जायेगा ताकि वह खेल में लंबे समय तक जुड़े रहें।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ आगामी सत्र में राशिद की जगह अन्य खिलाड़ी को लेने के लिए विकल्प देखेगा जिनके नाम की घोषणा आने वाले समय में की जायेगी।