स्पीड चेस चैंपियनशिप : भारतीय ग्रैंडमास्टर डी हरिका उपविजेता
भारतीय ग्रैंडमास्टर डी हरिका जूलियस बायर वुमैन्स ऑनलाइन स्पीड चेस चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में चीन की जीएम होऊ यिफान से 11-15 से हार गयीं।
होऊ को खिताब जीतने के लिए 10,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली, हरिका को 4,230.77 डॉलर की राशि प्राप्त हुई। हरिका ने फाइनल के बाद कहा, ‘‘मैं आज अच्छा नहीं खेल सकी। मुझे लगता है कि लगातार मैच खेलने का असर पड़ा है। यह वास्तव में थकाने वाला था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे पसंदीदा टूर्नामेंट में से एक है जो अपने ही देश में हो रहा है। आप सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ इस तरह के मैच खेल सकते हो जिसमें शानदार पुरस्कार राशि भी मिलती है। मैं अगले साल फिर इस टूर्नामेंट में खेलना चाहूंगी।
हरिका ने सेमीफाइनल में ग्रैंडमास्टर (जीएम) कैटरिना लाग्नो को 12-10 से हराया था। होऊ ने पहले चार गेम में तीन अंक की बढ़त बनाई थी।
दूसरे हाफ में हरिका ने दो गेम जीते, चीन की खिलाड़ी ने बाजी पर पूरा नियंत्रण बनाया हुआ था जिससे वह खिताब जीतने में सफल रहीं। उन्हें पुरस्कार राशि के अलावा जीत के प्रतिशत के लिए 5,769.23 डॉलर भी मिले।