सूर्यकुमार व किशन के अर्धशतक का कमाल, भारत की 2 विकेट से जीत
सूर्यकुमार यादव (80 रन), ईशान किशन (58 रन) के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से भारत ने यहां जोश इंग्लिस के करियर के पहले अंतरराष्ट्रीय शतक पर पानी फेरते हुए रोमांचक पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को दो विकेट से मात देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
ऑस्ट्रेलिया के 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सूर्यकुमार की 42 गेंद में चार छक्कों और नौ चौकों से 80 रन की पारी और किशन (39 गेंद में 58 रन, पांच छक्के, दो चौके) के साथ तीसरे विकेट की 112 रन की साझेदारी से 19.5 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन बनाकर जीत हासिल की।

रिंकू सिंह 14 गेंद में 22 रन बनाकर नाबाद रहे। यह लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बड़ी जीत है। भारत ने इससे पहले 2019 में वेस्टइंडीज के 208 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।
रविवार को भारत को मात देकर वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल रहे इंग्लिस ने इससे पहले तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंद में आठ छक्कों और 11 चौकों से 110 रन की पारी खेली।
उन्होंने स्टीव स्मिथ (52) के साथ दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की जिससे टीम तीन विकेट पर 208 रन बनाने में सफल रही। इंग्लिस ने 47 गेंद में शतक बनाया जो इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से संयुक्त रूप से तेज शतक है।
भारत से प्रसिद्ध कृष्णा (50 रन पर एक विकेट) और रवि बिश्नोई (54 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट झटके, दोनों काफी महंगे साबित हुए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही और तीसरे ओवर में 22 रन के स्कोर तक ही यशस्वी जायसवाल (21) और रुतुराज गायकवाड़ (00) के विकेट गंवा दिए।
जायसवाल ने मार्कस स्टोइनिस के पहले ओवर में चौका और छक्का मार्रा, इसी ओवर में उनके साथ गलतफहमी का शिकार होकर गायकवाड़ रन आउट हो गए। उन्होंने तीसरे ओवर में मैथ्यू शॉर्ट की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा, अगली गेंद पर मिड ऑफ पर स्मिथ को कैच दे बैठे।
कप्तान सूर्यकुमार और किशन ने पारी को संभाला। सूर्यकुमार ने जेसन बेहरेनडोर्फ और सीन एबट पर छक्के मारे और नाथन एलिस पर दो चौके मारे।
भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 63 रन बनाए। किशन ने हाथ खोलते हुए लेग स्पिनर तनवीर संघा की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे। भारत के रनों का शतक 10वें ओवर में पूरा हुआ।
किशन ने नाथन एलिस पर छक्के और तनवीर पर चौके के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने तनवीर के इसी ओवर में छक्का जड़ा, अगली गेंद पर डीप एक्सट्रा कवर पर शॉर्ट को कैच दे बैठे। सूर्यकुमार ने भी सीन एबट पर लांग ऑन पर छक्के के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
तिलक वर्मा (12) ने तनवीर पर लगातार दो चौकों के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया, इसी आवेर में गेंद को हवा में लहराकर स्टोइनिस को कैच दे बैठे। भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 54 रन की जरुरत थी।
रिंकू सिंह ने स्टोइनिस पर दो चौकों के साथ अपने तेवर दिखाए, सूर्यकुमार ने अगले ओवर में एलिस पर दो चौकों और एक छक्के के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया।
भारत को अंतिम तीन ओवर में 20 रन की जरूरत थी। सूर्यकुमार बेहरेनडोर्फ की गेंद को हवा में लहरा बैठे और आरोन हार्डी ने मिड ऑन की ओर से पीछे की ओर दौड़ते हुए कैच लपका। इस ओवर में छह रन बने।
एलिस के अगले ओवर में सात रन बने। रिंकू ने अंतिम ओवर में एबट पर चौका जड़ा, अक्षर पटेल (02) गेंदबाज को वापस कैच दे बैठे। अगली गेंद पर रवि बिश्नोई (00) रन आउट हुए।
भारत को अंतिम दो गेंद पर दो रन की जरूरत थी। अगली गेंद पर एक रन बना, अर्शदीप सिंह (00) रन आउट हो गए। रिंकू ने अगली गेंद पर छक्का जड़ा, नोबॉल होने के कारण पहले ही भारत की जीत पक्की हो गई।
सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर अधिक परेशानी नहीं हुई। स्मिथ ने अर्शदीप पर चौके से खाता खोला और दूसरे ओवर में कृष्णा पर दो चौके मारे।
मैथ्यू शॉर्ट (13) ने कृष्णा पर चौके से खाता खोला और अक्षर पटेल पर दो चौके मारे। लेग स्पिनर बिश्नोई ने पांचवें ओवर में अपनी ही गेंद पर स्मिथ का कैच टपकाया, एक गेंद बाद शॉर्ट को बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई।
स्मिथ ने इंग्लिस के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पावर प्ले के छह ओवर में टीम का स्कोर एक विकेट पर 40 रन तक पहुंचाया। इंग्लिस ने आठवें ओवर में कृष्णा को निशाना बनाया और उनके ओवर में तीन चौके और एक छक्के से 19 रन बनाए। उन्होंने अगले ओवर में बिश्नोई पर छक्का जड़ा।
इंग्लिस ने बिश्नोई पर छक्के के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। उन्होंने इसी ओवर में एक और छक्का तथा एक चौका जड़ा। इंग्लिस ने 15वें ओवर में बिश्नोई पर तीन छक्के मारे।
स्मिथ ने मुकेश कुमार पर चौके के साथ 40 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, अगली गेंद पर तेजी से एक रन लेने कोशिश में रन आउट हो गए।
स्मिथ मुकेश की गेंद पर शॉट खेलकर रन के लिए दौड़े, बीच में गिर गए और उनके क्रीज पर पहुंचने से पहले शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े कृष्णा के थ्रो पर गेंदबाज ने स्टंप उखाड़ दिए। उन्होंने 41 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके मारे। इंग्लिस ने अर्शदीप सिंह के ओवर में चार चौकों के साथ 47 गेंद में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक पूरा किया।
इंग्लिस अगले ओवर में कृष्णा की गेंद को डीप स्क्वायर लेग पर जायसवाल के हाथों में खेल गए। टिम डेविड (नाबाद 19) ने अर्शदीप पर छक्के के साथ 19वें ओवर में टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।