Trending

राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी : कर्नाटक, तमिलनाडु, हरियाणा व पंजाब अंतिम चार में

हॉकी कर्नाटक, हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु, हॉकी हरियाणा और हॉकी पंजाब शनिवार को अपने-अपने क्वार्टर-फाइनल जीतकर 13वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के सेमी-फाइनल में पहुँच गए हैं।

पहले क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक ने झारखंड को 4-1 से मात दी। कर्नाटक ने कप्तान गौड़ा शेशे (23′) और लिखित बीएम (32′) के गोल से शुरू से ही खेल पर नियंत्रण बना लिया।

साभार : गूगल

झारखंड के लिए दिलबर बारला (39′) ने गोल कर टीम को वापसी दिलाने की कोशिश की, कर्नाटक के हरीश मुतगर (46′, 49′) ने दो गोल कर अपनी टीम को 4-1 से जीत दिलाई।

दूसरे क्वार्टरफाइनल मैच में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने उत्तर प्रदेश को 3-2 से हराया। मनीष साहनी (27′) और सुनील यादव (30′) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके उत्तर प्रदेश हॉकी को दो गोल की बढ़त दिलाई।

हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने दूसरे हाफ में जोरदार प्रदर्शन किया, पहला जे. कविन किशोर (33′) ने गोल करके स्कोर 2-1 किया और कप्तान जे जोशुआ बेनेडिक्ट वेस्ली (52′, 59′) ने दो गोल करके अपनी टीम को 3-2 से जीत दिलाई।

तीसरे क्वार्टरफाइनल में निर्धारित समय की समाप्ति पर खेल 2-2 से बराबर होने के बाद हॉकी हरियाणा ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर संजय (8′, 15′) ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हॉकी हरियाणा को बढ़त दिलाई, हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने कप्तान और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के डिफेंडर अमित रोहिदास (22′) और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड शिलानंद लाकड़ा (43′) के गोल के जरिए जवाब दिया।

पेनल्टी शूटआउट की सडेन डेथ में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड अभिषेक ने स्कोर किया और हॉकी हरियाणा की जीत पक्की कर दी।

अंतिम क्वार्टर फाइनल में पंजाब ने मणिपुर को 4-2 से हराया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह (31′, 51′) ने फिर से उदाहरण पेश करते हुए पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल किया।

स्कोरशीट में उनके साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड सुखजीत सिंह (20′) और प्रदीप सिंह (6′) शामिल हुए। मणिपुर ने अपने कप्तान चिंगलेनसाना (36′) सिंह और ऋषि युमनाम (45′) के माध्यम से दो गोल किए। अंत में पंजाब ने 4-2 से जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में 27 नवंबर को हरियाणा का मैच हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु से और दिन के दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक का मैच पंजाब से होगा।