भारत दक्षिण अफ्रीका दौरा : रोहित पर संदेह, टी-20 व वनडे से बाहर रहेंगे कोहली
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टी-20 और वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे। भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा 10 दिसंबर को डरबन में टी-20 मैच के साथ शुरू होगा।
एक रिपोर्ट के अनुसार, कोहली ने बीसीसीआई से छुट्टी मांगी है। वहीं उनका टेस्ट मैचों में खेलना तय है। कोहली टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद कोई भी टी-20 नहीं खेले हैं।

भारत 10 दिसंबर 2023 से 7 जनवरी 2024 के बीच तीन टी-20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों के लिए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर होगी। इसमें कप्तान रोहित शर्मा के खेलने पर भी संशय बना हुआ है।
भारतीय सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली कमेटी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए जल्द ही तीनों फॉर्मेट के लिए टीम इंडिया का चयन करेगी।
बीसीसीआई सोर्स ने एक अंग्रेजी अखबार से बोला, कोहली ने बीसीसीआई और सिलेक्टर्स को सूचित किया है कि उन्हें टी-20 और वनडे क्रिकेट से ब्रेक की जरूरत है और वह कब खेलेंगे, इसको लेकर बाद में कॉन्टैक्ट करेंगे।
वह टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, जिसका मतलब है कि वह दक्षिण अफ्रीका में 2 टेस्ट मैचों के चयन के लिए उपलब्ध हैं। इसी महीने भारत में हुए वर्ल्ड कप में विराट का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 11 पारियों में 765 रन बनाए, जिसमें तीन शतक थे। वो इस वर्ल्ड कप में टॉप स्कोरर थे।
उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। कोहली इस समय वनडे क्रिकेट में कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं और 50 शतक लगा चुके हैं।
कोहली लंदन में छुट्टियां मना रहे हैं। वह पिछले कुछ महीनों से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। आखिरी बार कोहली ने सितंबर में वर्ल्ड कप से पहले ब्रेक लिया था, जहां उन्हें कप्तान रोहित शर्मा के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पहले दो वनडे मैचों के लिए आराम दिया गया था।
भारत को वनडे वर्ल्ड कप में लगातार 10 मैच जिताने और फाइनल तक पहुंचाने वाले कप्तान रोहित के भी वनडे और टी-20 सीरीज में खेलने पर संशय है। रोहित भी इस समय छुट्टी पर हैं। रोहित अभी यूके में हैं। रोहित भी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल मैच के बाद कोई भी टी-20 नहीं खेले हैं।