बेन स्टोक्स के घुटने की सर्जरी, ऑलराउंडर ने साझा की फोटो
इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के घुटने की सर्जरी हो गई है। स्टोक्स ने बुधवार (29 नवंबर) को सोशल मीडिया पर अपनी एक फोटो पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
पोस्ट में उन्होंने बताया है कि उनकी सर्जरी हो गई है और अब उनका रिहैब शुरू होगा। फोटो में वो एक हॉस्पिटल के सामने बैसाखी के सहारे खड़े हैं।
स्टोक्स को लंबे समय से घुटने की समस्या थी। इस वजह से वो आईपीएल 2023 के कई मैच भी नहीं खेल सके थे। उनके बाएं घुटने में क्रोनिक टेंडोनाइटिस की समस्या थी।

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान को रिकवरी में 6 से 7 हफ्ते का समय लग सकता है। माना जा रहा है कि वह भारत दौरे तक फिट हो जाएंगे। इंग्लैंड का भारत दौरा 25 जनवरी 2024 से शुरू होगा।
स्टोक्स आईपीएल 2024 में नहीं खेलेंगे। उन्होंने ऑक्शन से पहले ही इसकी जानकारी दे दी है। 2024 सीजन से पहले CSK उन्हें रिलीज कर दी है।
2023 में चेन्नई ने उन्हें 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। स्टोक्स ने चेन्नई से केवल 2 ही मैच खेले थे। चोटिल होने के कारण बीच सीजन में ही वे अपने वतन लौट गए थे।
स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, वर्ल्ड कप खेलने के लिए इस बार उन्होंने फिर टीम में वापसी की। गत विजेता इंग्लैंड को वर्ल्ड कप में निराशाजनक अभियान का सामना करना पड़ा और वह 10 टीमों की अंक तालिका में सातवें स्थान पर रहा।
32 वर्षीय स्टोक्स लीग स्टेज के पहले तीन मैच चोट के कारण नहीं खेल सके। अंत में एक शतक और दो हाफ सेंचुरी के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। स्टोक्स ने वर्ल्ड कप के छह मैचों में से किसी में भी गेंदबाजी नहीं की।
इंग्लैंड भारत में टेस्ट सीरीज खेलने आएगी। सीरीज में 5 मैच होंगे। 25 से 29 जनवरी को पहला टेस्ट, 2 से 6 फरवरी तक दूसरा टेस्ट, 15 से 19 फरवरी तक तीसरा टेस्ट, 23 से 27 फरवरी तक चौथा टेस्ट और 7 से 11 मार्च तक पांचवां टेस्ट होगा।