Trending

राष्ट्रीय मुक्केबाजी : अमित पंघाल, शिव थापा को स्वर्ण, एसएससीबी फिर चैंपियन

अमित पंघाल (51 किग्रा) और शिव थापा (63.5 किग्रा) ने जीत के साथ स्वर्ण पदक जीते, गत विजेता सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) ने 10 स्वर्ण समेत 12 पदकों के साथ शिलांग में 7वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा बरकरार रखा।

एसएससीबी ने अपना दबदबा बरकरार रखा और 12 पदकों में से 90 अंकों के साथ रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर आया। आरएसपीबी ने पांच रजत और दो कांस्य (41 अंक) के साथ और हरियाणा ने दो रजत और दो कांस्य (31 अंक) के साथ क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

2019 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अमित पंघाल ने आसानी से मैच जीता। पंघाल जिन्होंने चंडीगढ़ के अंशुल पुनिया का सामना किया, ने 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में अपना दबदबा बनाया और सर्वसम्मति से 5-0 के फैसले के साथ स्वर्ण पदक जीता।

रिकॉर्ड छह बार के एशियाई पदक विजेता असम के शिव थापा का सामना 63.5 किग्रा फाइनल में मौजूदा विश्व युवा विजेता एसएससीबी के वंशज से हुआ।

पिछले संस्करण के स्वर्ण पदक विजेता, शिव ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और अपने खिताब की रक्षा के लिए 5-0 के साथ शानदार जीत दर्ज की।

एसएससीबी के मुक्केबाज जुगनू को 86 किग्रा फाइनल में हरियाणा के विशाल के खिलाफ चुनौतीपूर्ण मैच का सामना करना पड़ा। एक करीबी लड़ाई में जुगनू ने खेल के महत्वपूर्ण क्षणों में कौशल और संयम दोनों का प्रदर्शन किया और अंततः 5-2 के विभाजन-निर्णय से जीत दर्ज की।

जीत का सिलसिला जारी रखते हुए 2021 एशियाई चैंपियन एसएससीबी के संजीत (92 किग्रा) का सामना हरियाणा के नवीन कुमार से हुआ, जो टूर्नामेंट में पिछले वर्ष के फाइनल की पुनरावृत्ति थी, जहां नवीन ने जीत दर्ज की थी।

संजीत ने सुनिश्चित किया कि इस साल ऐसा न हो क्योंकि उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर 5-0 से प्रभावशाली जीत दर्ज की। टूर्नामेंट के अंतिम दिन अमित, जुगनू और संजीत के साथ एसएससीबी के मुक्केबाज मुख्य मंच पर थे।

टीम ने न केवल 7वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अपने ताज का सफलतापूर्वक बचाव किया, बल्कि कुल दस स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल किए।

बरुण सिंह (48 किग्रा), सचिन (57 किग्रा), आकाश (60 किग्रा), रजत (67 किग्रा), आकाश (71 किग्रा), दीपक (75 किग्रा), लक्ष्य (80 किग्रा) टीम के अन्य स्वर्ण पदक विजेता थे, पवन (54 किग्रा) और वंशज (63.5 किग्रा) किग्रा) ने एक-एक रजत हासिल किया।

पंजाब के जयपाल सिंह का 92+किग्रा फाइनल में 2022 राष्ट्रमंडल खेल के रजत पदक विजेता सागर से सामना हुआ। एक कड़े मैच में उलझे जयपाल ने तीसरे राउंड में नॉकआउट जीत दर्ज करते हुए तेज और आक्रामक मुक्कों की झड़ी लगा दी और एक बड़ा उलटफेर कर दिया।

एआईपी (अखिल भारतीय पुलिस) का प्रतिनिधित्व करने वाले ललित का 54 किग्रा फाइनल में एसएससीबी के पवन से मैच हुआ। पूरे मैच में कड़ी प्रतिस्पर्धा रही, ललित ने खेल के महत्वपूर्ण क्षणों में अपना संयम बनाए रखा और अपने प्रतिद्वंद्वी को 4-3 के विभाजित निर्णय से मात देकर स्वर्ण पदक पक्का कर लिया।

पदकों के अलावा एसएससीबी के आकाश सांगवान (71 किग्रा) को पूरे टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन और निरंतरता के कारण टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का पुरस्कार दिया गया।