Trending

अभिनव चौधरी ने जीता पुरुष रेपिड फायर पिस्टल का खिताब

राजस्थान के अभिनव चौधरी ने यहां राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुष 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने एमपी राज्य निशानेबाजी अकादमी रेंज में फाइनल में 30 अंक के साथ उत्तर प्रदेश के अंकुर गोयल को पछाड़ा जिन्होंने 26 अंक जुटाए।

दिल्ली के अर्पित गोयल 21 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अभिनव ने इससे पहले क्वालीफिकेशन में 584 अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए छह निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी।

जूनियर पुरुष रेपिड फायर पिस्टल में विजयवीर सिद्धू ने फाइनल में 28 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। पेरिस ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले हरियाणा के अनीष भानवाला ने 25 अंक के साथ रजत पदक जीता।

अनीष (578) ने समीर (578) और आदर्श सिंह (571) के साथ मिलकर कुल 1727 अंक के साथ पुरुष टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। विजयवीर उनके जुड़वां भाई उदयवीर और राजकंवर ने जूनियर टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।