श्रेयस अय्यर व गेंदबाजों का कमाल, भारत ने 4-1 से जीती सीरीज
श्रेयस अय्यर (53 रन) के अर्धशतक और मुकेश कुमार (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने यहां पांचवें और अंतिम टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया पर छह रन से जीत दर्ज करके सीरीज 4-1 से अपने नाम की।
सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुके भारत ने चिन्नास्वामी स्टेडियम की धीमी पिच पर नियमित अंतराल में विकेट गंवाने के बावजूद आठ विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया आठ विकेट पर 154 रन ही बना पाई।
वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले अय्यर ने 37 गेंद पर 53 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के हैं। उनके अलावा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे अक्षर पटेल ने 21 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के से 31 रन बनाये।

ऑस्ट्रेलिया से बेन मैकडरमॉट (36 गेंद पर 54 रन, पांच छक्के) ने अपने करियर का सर्वोच्च स्कोर बनाया। भारत से मुकेश कुमार ने 32 रन देकर तीन, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर ने किफायती गेंदबाजी की तथा चार ओवर में 14 रन देकर एक विकेट लिया।
अंतिम पलों में मैच रोमांचक बन गया था। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी दो ओवर में 17 रन चाहिए थे, मुकेश और अर्शदीप ने इनका अच्छी तरह से बचाव करके भारत को जीत दिलाई।
ट्रेविस हेड (18 गेंद पर 28 रन) ने अर्शदीप (40 रन देकर दो विकेट) की पहली तीन गेंद पर चौके मारकर अपने इरादे जाहिर किये। मुकेश कुमार ने जोश फिलिप (04) को आउट करके भारत को जल्द ही पहली सफलता दिलाई। उनकी जगह लेने के लिए उतरे मैकडरमॉट ने मुकेश और आवेश खान (चार ओवर में 39 रन) पर छक्के लगाए।
हेड ने पांचवें ओवर में गेंद थामने वाले रवि बिश्नोई (29 रन देकर दो विकेट) पर हावी होने की कोशिश की, इस लेग स्पिनर ने तुरंत ही उनकी गिल्लियां बिखेरकर अपने अगले ओवर में नए बल्लेबाज आरोन हार्डी (06) को पवेलियन की राह दिखाई। ऑस्ट्रेलिया 10 ओवर में 70 रन तक ही पहुंच पाया।
टिम डेविड (17) ने मुकेश का दूसरे स्पेल में छक्के से स्वागत किया, मैकडरमॉट ने बड़े शॉट खेलकर बिश्नोई और अर्शदीप का विश्लेषण बिगाड़ा। अक्षर ने डेविड का विकेट लिया।
मैकडरमॉट ने अर्शदीप पर छक्का लगाकर 34 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया, इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें पवेलियन भेज दिया। मुकेश ने मैथ्यू शॉर्ट (16) और बेन ड्वारश्विस (00) को आउट करके भारत की उम्मीद जगाई।
मैथ्यू वेड (22) ने आवेश पर लगातार तीन चौके मारकर मैच फिर से रोमांचक बना दिया। अर्शदीप ने आखिरी ओवर में वेड को आउट करके भारत की जीत पक्की की।
भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद पावरप्ले के छह ओवर में 42 रन बनाए और चार गेंद के अंदर दोनों सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल (15 गेंद पर 21) और रुतुराज गायकवाड (12 गेंद पर 10) के विकेट गंवाए।
जायसवाल ने हार्डी और जेसन बेहरनडॉर्फ (38 रन देकर दो विकेट) पर छक्के लगाए, पिछले कुछ मैचों की तरह एक और लंबा शॉट खेलने के प्रयास में उन्होंने गेंद हवा में लहराकर पवेलियन की राह पकड़ी। गायकवाड सही टाइमिंग से बड़ा शॉट नहीं खेल पाए और मिड ऑफ पर कैच दे बैठे।
बेन ड्वारश्विस (30 रन देकर दो विकेट) ने गायकवाड को आउट करने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (05) को पवेलियन भेजा, जो शुरू में मिले जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए।
रिंकू सिंह (06) अपना जलवा नहीं दिखा पाए और लेग स्पिनर तनवीर संघा (26 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर 55 रन हो गया। भारत 10 ओवर तक 61 रन ही बना पाया था।
ड्वारश्विस के अगले ओवर में 16 रन बने जिसमें अय्यर का छक्का और चौका भी है। विकेट गिरने का क्रम जारी रहा। जितेश शर्मा (16 गेंद पर 24) को बेहरनडॉर्फ की गलती से जीवनदान और छक्का मिला, हार्डी (21 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर उनकी टाइमिंग सही नहीं थी और उनका शॉट डीप मिडविकेट पर आसान कैच में बदल गया।
अक्षर और अय्यर ने छठे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। अय्यर ने नाथन एलिस (42 रन देकर एक विकेट) के पारी के आखिरी ओवर में छक्का मारकर 36 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।