Trending

विश्व कप व ओलंपिक में परचम लहराना चाहती है युवा स्पिनर श्रेयंका पाटिल

महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के शुरुआती सत्र में अपने हरफनमौला खेल से प्रभावित करने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम में जगह बनाने वाली युवा स्पिनर श्रेयंका पाटिल का ख्वाब देश के लिए विश्व कप और ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है।

श्रेयंका ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की महिला टीम के लिए डब्ल्यूपीएल में 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी से छह विकेट झटके थे। वह कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) में खेलने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी है।

श्रेयंका ने अमेजन गयाना वॉरियर्स के लिए चार मैचों में नौ विकेट लिये। इंग्लैंड के खिलाफ छह, नौ और 10 दिसंबर को वानखेड़े मैदान पर होने वाली सीरीज के लिए वह टीम इंडिया में शामिल हुई है।

श्रेयंका ने इंग्लैंड ए के खिलाफ भारत महिला ए की तीन मैचों की टी20 सीरीज के बाद एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘हमेशा से मेरा पहला लक्ष्य भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना रहा है।

मैं चैम्पियन बनने वाली टीम का हिस्सा होना चाहती हूं। मैं इसके लिए मेहनत कर रही हूं। जब ओलंपिक होगा तब मेरा लक्ष्य देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का होगा। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट को जगह मिली है।

इंग्लैंड ए के खिलाफ पहले मैच में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गयी श्रेयंका ने कहा, ‘‘मैं अपनी बल्लेबाजी पर काफी मेहनत कर रही हूं। इन मैचों (इंग्लैंड ए के खिलाफ) में बल्ले से अच्छा नहीं कर सकी, मुझे अपनी प्रक्रिया पर भरोसा है। मुझे लगता है कि मै सहजता से बडे शॉट खेल सकती हूं, क्योंकि मैंने पहले भी ऐसा किया है।