बीबीएल के लिए हारिस राउफ को पीसीबी द्वारा एनओसी जारी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलियाई फ्रेंचाइजी क्रिकेट बिग बैश लीग में खेलने के लिए तेज गेंदबाज हारिस राउफ को एनओसी जारी कर दी है।
उन कयासों पर विराम लग गया है जिसमें बोला जा रहा था कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट टीम से नाम वापस लेने के चलते राउफ को एनओसी मिलने में दिक्कत आ सकती है।
इसी महीने पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में राउफ ने वर्कलोड और फिटनेस का हवाला देते हुए खेलने से मना कर दिया था। उनके इस फैसले से नए चीफ सिलेक्टर वाहब रियाज नाखुश थे।

राउफ के साथ समेत उस्मान मीर और जमन खान को बीबीएल खेलने की मंजूरी मिल गई है। हालांकि ये तीनों ही खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं रह पाएंगे।
पीसीबी ने अपने प्लेयर्स को बीबीएल में खेलने के लिए 7 से 28 दिसंबर तक की मंजूरी दी है, जिसमें राउफ और मीर 5-5 मैच और जमन 4 मैच खेल पाएंगे।
पीसीबी ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा ‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बिग बैश लीग 2023-24 के लिए तेज गेंदबाज हारिस राउफ, जमन खान और लेग स्पिनर उसामा मीर को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) जारी किया है।
बोर्ड ने प्लेयर्स के कार्यभार और राष्ट्रीय पुरुष टीम के भविष्य के दौरा कार्यक्रम को देखते हुए एनओसी जारी की है। पीसीबी समझता है कि कार्यभार प्रबंधन के साथ खेल के समय के महत्व को संतुलित करते हुए यह निर्णय इसमें शामिल सब हितधारकों के सर्वोत्तम हित में है।
पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तीन टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है जिसका अंतिम मैच 3 जनवरी को खेला जाएगा। टीम को न्यूजीलैंड का दौरा करना है जहां उन्हें 5 मैच की टी20 सीरीज खेलनी होगी। इस सीरीज में राउफ के खेलने की उम्मीद है।