रिकॉर्ड 8वीं बार नंबर वन रैंकिंग के साथ जोकोविच ने किया साल का अंत
अपने रिकॉर्ड में सुधार करते हुए नोवाक जोकोविच ने आठवीं बार एटीपी टेनिस रैंकिंग में साल का अंत नंबर एक खिलाड़ी के रूप में किया। उन्होंने जनवरी में ऑस्ट्रेलियाई ओपन, जून में फ्रेंच ओपन और सितंबर में अमेरिकी ओपन के रूप में साल के चार में से तीन ग्रैंडस्लैम खिताब जीते।
वह पुरुष एकल में रिकॉर्ड 24 ग्रैंडस्लैम जीत चुके हैं। वह साथ ही 2023 में विंबलडन में उप विजेता रहे। जोकोविच ने 2023 में 56 जीत दर्ज की, सात बार उन्हें हार मिली। उन्होंने इस दौरान सात खिताब जीते जिसमें पिछले महीने एटीपी फाइनल्स का खिताब भी है।

जोकोविच ने कार्लोस अल्कारेज को पछाड़कर शीर्ष रैंकिंग हासिल की थी। अल्कारेज ने ही जुलाई में विंबलडन फाइनल में जोकोविच को पांच सेट में हराया था। अल्कारेज ने 2023 का अंत दूसरे नंबर के खिलाड़ी के रूप में किया।
पिछले महीने डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब जीतने वाली ईगा स्वियातेक डब्ल्यूटीए रैंकिंग में नंबर एक महिला खिलाड़ी रहीं। एरिना सबालेंका, कोको गॉफ, एलेना रिबाकिना और जेसिका पेगुला का नंबर उनके बाद आता है।