Trending

हार्दिक के विकल्प के तौर पर इन तीन प्लेयर्स को क्यों नहीं मिला रहा है मौका : आकाश चोपड़ा

टीम इंडिया के लिए हार्दिक पांड्या एक बेहतरीन ऑलराउंडर की भूमिका अदा करते हैं, यही वजह है जब भी वह टीम में रहते हैं तो प्लेइंग 11 का बैलेंस बना रहता है।

जब हार्दिक चोट की वजह से बाहर हो जाते हैं तो उनका लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट ना होने की वजह से यह बैलेंस बुरी तरह से बिगड़ जाता है। ऐसे में अब पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने बोला कि क्यों टीम मैनेजमेंट शिवम दुबे, वेंकटेश अय्यर और विजय शंकर जैसे प्लेयर्स को मौका नहीं देती?

उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि अब आईपीएल में इन प्लेयर्स को इंपैक्ट प्लेयर नियम आने के चलते अवसर नहीं मिलेगा, ऐसे में टीम मैनेजमेंट को द्विपक्षीय सीरीज में ही ऐसे हरफनमौलाओं को अवसर देकर हार्दिक का बैकअप खोजना होगा।

आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर सवाल-जवाब के सत्र में बोला ‘अगर हम विजय शंकर, वेंकटेश अय्यर और शिवम दुबे जैसे प्लेयर्स को अवसर नहीं दे रहे हैं तो हार्दिक जैसे खिलाड़ी तैयार कैसे करेंगे?

द्विपक्षीय सीरीज में अगर आपका लक्ष्य केवल जीतना है, उसके अलावा आप कुछ सोचते नहीं है तो कैसे चलेगा काम? नहीं चलेगा। उन्होंने आगे बोला ‘आप किसी को ट्राई नहीं कर रहे हैं।

ये मेरी इस सीरीज (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) से समस्या थी कि आपके पास टॉप-6 में एक गेंदबाज नहीं था और नंबर-8 पर कोई बल्लेबाजी करने वाला नहीं था। इस बात का क्या लॉजिक है? ये तो हम तब की बात कर रहे हैं जब टीम में रोहित, कोहली, गिल और राहुल नहीं हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए बोला कि, ऑलराउंड्स को अवसर देने का काम अब द्विपक्षीय सीरीज में ही करना होगा क्योंकि अब आईपीएल में इंपैक्ट प्लेयर नियम आने की वजह से ऐसा संभव नहीं है क्योंकि टीमों के पास 6 गेंदबाज खिलाने का विकल्प होता है।

आखिरी में उन्होंने कहा ‘आईपीएल में इंपैक्ट प्लेयर लियम के आने के बाद विजय शंकर, शिवम दुबे और वेंकटेश अय्यर को क्यों गेंदबाजी मिलेगी, जब आप 6 बॉलर्स खिला सकते हो। तो अब ऐसा आईपीएल में तो नहीं होने वाला है।

ऑलराउंडर्स को अब आपको द्विपक्षीय सीरीज में ही मौका देना चाहिए। बता दें, इन तीनों में से किसी भी खिलाड़ी को आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए नहीं चुना गया है।