जूनियर हॉकी विश्व कप : अरिजीत की हैट्रिक, भारत की 4-2 से जीत
फारवर्ड अरिजीत सिंह हुंदल के हैट्रिक से भारत ने बुकित जलील के राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में अपने शुरुआती मैच में एशियाई प्रतिद्वंद्वी कोरिया को 4-2 से मात देकर एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2023 में जीत के साथ आगाज किया।
भारत से अरिजीत (11′, 16′, 41′) ने तीन और अमनदीप (30′) ने एक गोल किया। कोरिया के लिए दोह्युन लिम (38′) और मिंकवोन किम (45′) ने गोल दागे।
मैच की शांत शुरुआत हुई दोनों टीमें एक-दूसरे के हाफ में जगह बनाने की कोशिश कर रही थीं, ज्यादा खतरा पैदा नहीं कर सकीं। गेंद पर थोड़े बेहतर कब्जे के साथ भारत ने पहला वास्तविक हमला किया, दाएं फ्लैंक से सुदीप चिरमाको का रिवर्स फ्लिक गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया।

भारत ने कोरिया के सर्कल के अंदर बढ़त बनाना जारी रखा और 11वें मिनट में मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, अरिजीत ने इसे गोल में बदलकर भारत को पहली सफलता दिलाई। भारत ने लय बरकरार रखी और दूसरे क्वार्टर के शुरुआती मिनट में अरिजीत ने शानदार फील्ड गोल कर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी।
भारत ने आक्रामक रुख अपनाकर दबाव बनाना जारी रखा, कोरियाई डिफेंस ने उन्हें रोके रखा। कोरिया ने 29वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, इसे गोल में बदलने से चूक गए। भारत ने तुरंत जवाब दिया और अमनदीप ने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम की बढ़त 3-0 कर दी।
दूसरे हाफ में कोरिया ने तात्कालिक आक्रमण किया। उन्होंने 38वें मिनट में डोह्युन के पेनल्टी कॉर्नर स्ट्राइक से अपना खाता खोला। 41वें मिनट में अरिजित ने रिवर्स फ्लिक पर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-1 से बढ़त दिलाई।
तीसरे क्वार्टर में तीन मिनट शेष रहते भारत के पास 9 खिलाड़ी रह गए और कोरिया ने इसका फायदा उठाया। उन्हें पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे मिंकवोन किम ने गोल में बदलकर तीसरे क्वार्टर के अंत में स्कोर 2-4 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। कोरिया को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, वह इसका फायदा नहीं उठा सका।
भारत ने गोल करने के कई अवसर बनाए, उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किया, अपना पांचवां गोल करने से चूक गए और अंत में मैच 4-2 के स्कोर से भारत के पक्ष में खत्म हुआ। भारत टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में गुरुवार, 7 दिसंबर को स्पेन से भिड़ेगा।