आईसीसी टी-20 रैंकिंग : रवि बिश्नोई को नंबर वन गेंदबाज का ताज, सूर्यकुमार बल्लेबाजी में टॉप पर
भारतीय क्रिकेटर रवि बिश्नोई आईसीसी की टी-20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के राशिद खान को पीछे छोड़कर यह उपलब्धि हासिल की है। आईसीसी ने बुधवार को ताजा टी-20 रैंकिंग जारी की है।
बिश्नोई 699 अंकों के साथ टॉप पर पहुंचे। वहीं राशिद खान 692 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा 679 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। आदिल राशिद चौथे स्थान पर आ गए हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के सूर्यकुमार यादव टॉप पर हैं। सूर्या के साथ ऋतुराज गायकवाड भी टॉप-10 में शामिल हैं। रवि बिश्नोई को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज से फायदा मिला है।

उन्होंने पांच मैचों की सीरीज में 9 विकेट लिए। बिश्नोई के अलावा टी-20 की गेंदबाजी रैंकिंग में कोई और भारतीय नहीं है। 23 वर्षीय रवि बिश्नोई ने भारत के लिए अबतक 1 वनडे और 21 टी-20 मैच खेले हैं। वनडे इंटरनेशनल में रवि ने 1 और टी-20 इंटरनेशनल में 34 विकेट लिए हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव टी-20 में बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले नंबर पर बने हुए हैं। इसके साथ ही ऋतुराज गायकवाड टी20 की बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-10 में है।
गायकवाड एक स्थान नीचे खिसककर सातवें स्थान पर आ गए हैं। युवा बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल 16 पायदान ऊपर उठकर 19वें स्थान पर आ गए हैं।
बांग्लादेशी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन 272 अंकों के साथ टी-20 ऑलराउंडर्स की लिस्ट में टॉप पर हैं। अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी 210 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय ओपनर शुभमन गिल बल्लेबाजी में और दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज गेंदबाजी वनडे रैंकिंग में टॉप पर हैं। ऑलराउंडर्स में शाकिब अल हसन शीर्ष पर हैं।