दक्षिण अफ्रीका के मैदानों पर भारत का टी-20 रिकॉर्ड शानदार, जीते 62 फीसदी मैच
भारत दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए निकल चुकी है। 10 दिसंबर से शुरू हो रहे दौरे में टीम 3 टी-20, 3 वनडे और 2 टेस्ट की सीरीज खेलेगी। भारत का दक्षिण अफ्रीका के मैदानों पर टी-20 रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम ने वहां 62 फीसदी मैच जीते हैं।
टीम अफ्रीकी पिचों पर हर दूसरा मैच जीत रही है। इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने एकमात्र टी-20 वर्ल्ड कप भी दक्षिण अफ्रीका में जीता है। इस बार टी-20 सीरीज के मैच 10, 12 और 14 दिसंबर को होगे। 17, 19 और 21 दिसंबर को वनडे मैच होंगे। 26 दिसंबर से टेस्ट सीरीज शुरू होगी।
अफ्रीकी सरजमीं पर भारत का टेस्ट और वनडे रिकॉर्ड खराब रहा है। टीम वहां अब तक कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है, वनडे में 8 में से एक ही सीरीज जीत पाई है। टीम ने वहां 4 में से 3 टी-20 सीरीज अपने नाम की हैं।

भारत ने अपना पहला और आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका में ही जीता था। 2007 में भारतीय टीम ने जोहान्सबर्ग में हुए फाइनल में पाकिस्तान को 5 रन से हराया था।
मल्टी मैच सीरीज कम, एक-एक मैच की सीरीज ज्यादा भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच अफ्रीकी पिचों पर मल्टी मैच सीरीज कम हुई हैं। टीम ने वहां 4 टी-20 सीरीज खेली हैं, इनमें से केवल एक में ही 3 मैच खेले गए हैं, शेष 3 सीरीज में एक-एक मैच हुआ, जिसे जीतकर भारतीय टीम ने सीरीज अपने नाम कर ली।
टेस्ट-वनडे सीरीज जीतकर मेजबानों ने औसत टीम उतारी जब-जब भारत ने दक्षिण अफ्रीका दौरा किया, लॉन्ग फॉर्मेट में हारी है, ऐसे में मेजबानों ने टी-20 में अपनी औसत दर्जे की टीम उतार दी, जिनमें युवाओं को अवसर मिला। इसका फायदा टीम इंडिया को टी-20 में हुआ।
आईपीएल का फायदा मिला, 2009 का सीजन अफ्रीका में हुआ 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत में आईपीएल लीग शुरू हुई। इससे हमारे प्लेयर्स ने टी-20 फॉर्मेट के गेम में तेजी से ग्रोथ की। टीम इंडिया ने 2009 के आईपीएल सीजन का फायदा मिला, क्योंकि उस सीजन के सभी मैच दक्षिण अफ्रीका में हुए थे।
ऐसे में भारतीय प्लेयर्स को टी-20 फॉर्मेट में वहां की पिचों को समझने का मौका मिला। तब भारतीय टीम की कमान एमएस धोनी के हाथों में थी। दक्षिण अफ्रीकी पिचों पर टीम इंडिया का ओवरऑल प्रदर्शन खराब रहा है।
टीम ने दक्षिण अफ्रीका में अब तक 92 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, इनमें से 34 में टीम को जीत मिली है, टीम इंडिया ने 45 मैच गंवाए हैं। 2 मैच टाई, 7 ड्रॉ और 4 नो रिजल्ट रहे हैं। वहां भारतीय टीम की जीत-हार का रेसियो 0.755 है, यानी कि एक से भी कम।
अफ्रीकी मैदानों पर मेजबान टीम के खिलाफ टीम ने 67 में से 19 मैच ही जीते हैं। टीम का विन-लास रेसियो (0.487) आधे से कम रहा है। अफ्रीकी मैदानों पर 9 प्लेयर्स ने भारतीय टीम की कप्तानी की है, इनमें से सौरव गांगुली और विराट कोहली सबसे सफल कप्तान रहे हैं।
टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका की तेज, उछाल भरी और स्विंग लेती पिचों पर टी-20 फॉर्मेट में प्रदर्शन करती है। भारत ने अफ्रीका में 23 में से 4 टेस्ट, 56 में से 22 वनडे और 13 में से 8 टी-20 मैच जीते हैं।
यानी कि भारतीय टीम टेस्ट-वनडे से ज्यादा टी-20 जीत रही है। टीम ने वहां 61.53 फीसदी मैच जीते हैं, वनडे में 39.28 और टेस्ट में 17.39 फीसदी मैच जीते हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसी के घर में भारत का प्रदर्शन भी टी-20 में शानदार है। आंकड़ों में भारत ने अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में 23 में से 4 टेस्ट, 37 में से 10 वनडे और 7 में से 5 टी-20 मैच जीते हैं। टीम ने वहां मेजबानों के खिलाफ 17.39 फीसदी टेस्ट, 27.02 फीसदी वनडे और 71.42 फीसदी टी-20 मैच जीते हैं।