वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में जोस बटलर के 5000 रन पूरे
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। पिछले कुछ महीने से खराब फॉर्म से गुजर रहे कप्तान जोस बटलर ने दूसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने 58 रन की पारी खेलने के दौरान वनडे में 5000 रन पूरे किए और ऐसा करने वाले वह इंग्लैंड के पांचवें बल्लेबाज बने। बटलर ने 45 गेंद में नाबाद 58 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 128 का रहा।
बटलर ने 180 वनडे में 5022 रन बना लिए हैं। उन्होंने 11 शतक और 26 अर्धशतक लगाए हैं। पूर्व कप्तान इयान मोर्गन इंग्लैंड के लिए वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, उन्होंने 6957 रन बनाए हैं।

वनडे में इस पारी से पहले 10 पारियों में बटलर ने 14.10 के औसत से 141 रन बनाए थे। हाल ही में खत्म हुए वर्ल्ड कप में जोस बटलर नौ पारियों में केवल 138 रन बना सके थे। उनके बल्ले से कमाल नहीं दिखा सके और बतौर कप्तान टीम का प्रदर्शन निराशाजनक था। इंग्लैंड की टीम विश्व कप में नौ मैच में से सिर्फ तीन मैच जीत सकी।
विल जैक्स के 73 रन और सैम कुरेन के तीन विकेट के दम पर इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी की। इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी के लिये भेजा था और मेजबान टीम 40 ओवर में 202 रन पर आउट हो गई। जैक्स के दूसरे अर्धशतक से इंग्लैंड ने 33 ओवर में चार विकेट पर 206 रन बनाए।