वर्ल्ड कप : फाइनल की पिच को आईसीसी ने दी औसत रेटिंग
वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल 19 नवंबर को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ था। इस मैच में भारत ऑस्ट्रेलिया से 6 विकेट से हारी थी। इस हार ने करोड़ों भारतीय फैन्स का एक बार फिर आईसीसी ट्रॉफी जीतने का सपना चकनाचूर कर दिया था।
फाइनल में अहमदाबाद की पिच काफी स्लो खेली थी और इस बात पर सवाल भी उठे थे। वहीं अब आईसीसी ने भी वर्ल्ड कप फाइनल की पिच को रेट किया है। आईसीसी ने फाइनल में इस्तेमाल की गई पिच को एवरेज रेटिंग दी है।
बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल की पिच काफी धीमा खेल रही थी। भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 240 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसको ऑस्ट्रेलिया ने आसानी के साथ चेज कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे सेमीफाइनल को भी आईसीसी ने एवरेज रेटिंग दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने वर्ल्ड कप फाइनल 2023 की पिच को रेटिंग दी है। जवागल श्रीनाथ (आईसीसी रेफरी और पूर्व भारतीय गेंदबाज) ने ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे सेमीफाइनल की पिच को रेटिंग दी।
बात करें भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले सेमीफाइनल की पिच की तो, वानखेड़े की पिच को अच्छी रेटिंग मिली। बता दें कि इस पिच को लेकर काफी बवाल हुआ था। आखिरी मौके पर पिच बदली गई थी और पुरानी पिच पर ही मैच खेला गया था।
इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 397 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। न्यूजीलैंड ने भी अच्छी फाइट की और 327 रन बना डाले थे। मोहम्मद शमी ने इस मैच में 7 विकेट लेकर भारत को 70 रन से मैच जितवाया था।