हॉकी इंडिया अकादमी चैंपियनशिप : राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी सब-जूनियर सेमीफाइनल में
नई दिल्ली: राउंडग्लास पंजाब हॉकी अकादमी (आरजीपीएचए) ने पहली हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष अकादमी चैम्पियनशिप 2023 (जोन ए) के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। जो यहां मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में खेला जा रहा है।
आरजीपीएचए ने ग्रुप में सभी तीन मैच जीतकर ग्रुप विजेता के रूप में सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। कल सेमीफाइनल में राउंडग्लास का मुकाबला राजा करण हॉकी अकादमी के खिलाफ होगा।
आज खेले गए अंतिम ग्रुप मैच में आरजीपीएचए ने घुम्मनहेड़ा राइजर्स अकादमी को 10-1 से हराया। अमनदीप ने हैट्रिक के साथ विजेताओं की ओर से चमक बिखेरी जबकि सनी ने दो गोल दागे। चरणजीत सिंह, गुरजोत सिंह, सैमुअल, साजन राजभर और वरिंदर सिंह ने टीम के लिए स्कोरिंग पूरी की।

घुम्मनहेरा राइजर्स ने युवराज सिंह की मदद से चौथे मिनट में ही बढ़त बना ली थी, लेकिन आरजीपीएचए ने बेहतरीन अंदाज में जवाब देते हुए पहले क्वार्टर में तीन गोल दागे। वहीं दूसरे, तीसरे और चौथे क्वार्टर में क्रमशः दो, एक और चार गोल करके मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा।
सब-जूनियर टीम ने चीमा हॉकी अकादमी को 14-0 से हराया और दूसरे मैच में सैल्यूट हॉकी अकादमी को 31-0 से हराया। इस बीच, आरजीपीएचए के जूनियर कल सुबह 1:30 बजे एचएआर हॉकी अकादमी के खिलाफ अपना सेमीफाइनल खेलेंगे। उन्होंने ग्रुप विजेता के रूप में नॉकआउट के लिए भी क्वालीफाई किया था।