Trending

भारत के क्रिकेटर भाग्यशाली कि उन्हें देश में कई मौके मिलते : हरभजन सिंह

पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह का मानना है कि भारत में क्रिकेटर इतने भाग्यशाली हैं कि उन्हें देश में कई मौके मिलते हैं। अन्य देशों के प्लेयर्स के पास रेगुलर जॉब नहीं हैं, उनके लिए लीजेंड्स लीग क्रिकेट जैसा एक मंच है जहां उन्हें अपनी आजीविका कमाने का एक अवसर मिलता है।

हरभजन सिंह (मणिपाल टाइगर्स) और सुरेश रैना (अर्बनराइजर्स हैदराबाद) शनिवार को सूरत में एलएलसी 2023 के फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ेंगे। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक समाचार एजेंसी के एक सवाल का जवाब देते हुए हरभजन ने क्रिकेट खेलने और संन्यास के बाद के बारे में विस्तार से बात की।

उन्होंने कहा, खेलना हमेशा से मेरे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू रहा है। जब मैंने संन्यास लिया, तो मैंने सोचा कि मैं काफी खेल चुका हूं और अब युवाओं को अवसर देने का समय आ गया है। और जब संन्यास के बाद ऐसा मौका मिलता है, तो यह बहुत शानदार है।

स्पिनर ने एक समाचार एजेंसी के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए बताया, कोई भी हमें आंकता नहीं है हां हमसे अपेक्षाएं समान हैं।
हम भाग्यशाली हैं कि हम भारत में पैदा हुए हैं, जहां हमारे पास बहुत सारे मौके हैं, ऐसे खिलाड़ी जिनके पास नौकरी नहीं है जैसे कि न्यूजीलैंड और वेस्ट इंडीज के कुछ खिलाड़ी, लीजेंड्स लीग क्रिकेट उनके लिए बड़ी बात है।

हरभजन ने मणिपाल टाइगर्स के एक खिलाड़ी के बारे में एक छोटा सा किस्सा साझा किया, जिसमें बताया गया कि कैसे कुछ प्लेयर्स को क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद काफी संघर्ष करना पड़ता है।

उन्होंने आगे कहा, एक अच्छी बात जो हुई है वह यह है कि जिन प्लेयर्स का करियर जल्दी खत्म हो जाता है और उन्हें अधिक खेलने का अवसर नहीं मिलता है, उन्हें अब अपने करियर को आगे बढ़ाने का मौका मिल रहा है। हमारी टीम में न्यूजीलैंड से एक खिलाड़ी है, जिसका काम गोल्फ क्लब में घास काटना है।

इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और आईपीएल के दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना ने एक समाचार एजेंसी के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, हर किसी को आईपीएल या भारतीय टीम में खेलने का अवसर नहीं मिलता है। इसलिए यह एक ऐसा मंच है जहां खिलाड़ी अपने कौशल को अपने प्रशंसकों के सामने प्रदर्शित कर सकते हैं।

दोनों कप्तानों ने इस बारे में बात की कि लीजेंड्स लीग क्रिकेट के पहले सीज़न का हिस्सा बनना और फाइनल में पहुंचना टीम के लिए क्या मायने रखता है। हरभजन ने बोला, हमें कमेंट्री करने से ज्यादा क्रिकेट खेलने में मजा आता है। इसलिए यह हमारे लिए एक अच्छा मौका है।

मेरे मन में रैना की क्रिकेट क्षमताओं के लिए बहुत सम्मान है, उन्होंने मैदान पर बहुत कुछ हासिल किया है। वह सीएसके के लिए ताकत का स्तंभ रहे हैं। उनके लिए कई ट्रॉफियां जीती हैं। हमने एक साथ विश्व कप जीता और यह एक रोमांचक फाइनल होगा।

फाइनल शनिवार को सूरत के लालभाई कॉन्ट्रैक्टर स्टेडियम में मणिपाल टाइगर्स और अर्बनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। इनमें हरभजन सिंह, सुरेश रैना, मार्टिन गुप्टिल, एमडी कैफ, प्रवीण कुमार सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कुछ सबसे बड़े नाम होंगे।