अबू धाबी टी10 : न्यूयार्क स्ट्राइकर्स की खिताबी जीत, आसिफ और पोलार्ड का कमाल
आसिफ अली (नाबाद 48) और कप्तान कीरोन पोलार्ड (नाबाद 22) के बीच 56 रनों की नाबाद साझेदारी से न्यूयार्क स्ट्राइकर्स ने शनिवार रात यहां हुए फाइनल में डेक्कन ग्लेडिएटर्स को सात विकेट से मात देकर पहली बार अबू धाबी टी10 टूर्नामेंट का विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
91 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए स्ट्राइकर्स ने 9.2 ओवर में तीन विकेट पर 94 रन बनाकर चार गेंद शेष रहते मैच जीता। 38 के कुल योग पर निरोशन डिकवेला का विकेट गिरने के बाद आसिफ और पोलार्ड ने स्ट्राइकर्स को कोई और नुकसान नहीं होने दिया और मैच जिताकर ही पवेलियन लौटे।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेक्कन ग्लेडिएटर्स ने आंद्रे रसे (नाबाद 30) और डेविड वीज (नाबाद 20) की उम्दा बल्लेबाजी से 10 ओवर में 5 विकेट पर 91 रन बनाए। रसेल ने अपनी 18 गेंदों की पारी में दो चौके और इतने ही छक्के लगाए, वीज ने 11 गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 17 गेंदों पर 34 रन जोड़े।
डेक्कन ग्लेडिएटर्स के लिए टाम कोहलर कैडमोर ने 13, कप्तान निकोलस पूरन ने 15 रन जोड़े। फेबियन एलन (1) दहाई तक नहीं पहुंच सके। न्यूयार्क स्ट्राइकर्स की तरफ से सुनील नरेन ने 6 रन देकर दो विकेट लिए, मोहम्मद जुवादुल्लाह, जार्ज स्क्रीमशा और अकील हुसैन को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में खेलते हुए न्यूयार्क स्ट्राइकर्स ने 9.2 ओवरों में 3 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। 7 रन पर दो विकेट (रहमदुल्लाह गुरबाज और मोहम्मद वसीम) का विकेट गिरने के बाद आसिफ और कप्तान कीरोन पोलार्ड के अलावा निरोशन डिकवाला (14) ने अहम योगदान दिया।
आसिफ ने अपनी 25 गेंदों की पारी में 2 चौके और 4 छक्के लगाए, कप्तान पोलार्ड ने 13 गेंदों पर 1 चौका और 1 छक्का लगाया। ग्लेडिएटर्स की ओर से ट्रेंट बोल्ट, नुवान तुषारा और आंद्रे रसेल ने एक-एक विकेट लिया।