भारत में नहीं होगा पिंक बॉल टेस्ट, जय शाह ने कही ये बात
बीसीसीआई भारत में डे-नाइट टेस्ट या पिंक बॉल टेस्ट मैचों का आयोजन नहीं करना चाहता है। इसके पीछे वजह यह बताई जा रही है कि ऐसे टेस्ट केवल दो या तीन दिनों में समाप्त हो जाते हैं।
भारत के घरेलू सत्र में इस बार पुरुष और महिला टीमों के लिए कोई भी पिंक बॉल टेस्ट मैच शेड्यूल नहीं किया गया है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि वे इस तरह के मैचों के पक्ष में नहीं हैं क्योंकि ये तीन दिन से आगे नहीं जाते।
उन्होंने बोला, ‘फैन्स की इसमें दिलचस्पी नहीं है और हमें पिंक बॉल टेस्ट देखने में उनकी दिलचस्पी बढ़ानी होगी। ऐसे टेस्ट चार से पांच दिनों तक चलने के बजाय दो या तीन दिनों में समाप्त हो जाते हैं। एक बार जब फैन्स को इसकी आदत हो जाएगी, तब हम डे-नाइट टेस्ट के आयोजन के लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया ने पिछली बार इसका आयोजन किया था और उसके बाद से पिंक बॉल से कोई टेस्ट नहीं हुआ है। हम इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत कर रहे थे, हम इसे धीरे-धीरे लागू करेंगे।
भारत ने अब तक पिंक बॉल से चार टेस्ट खेले हैं। इनमें से तीन में टीम को जीत मिली और एक में हार मिली है। भारतीय पुरुष टीम ने अब तक बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट मैच खेले हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने पारी और 46 रन से जीत हासिल की थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। एडिलेड में हुए उस मैच में भारत 36 रन पर ही सिमट गई थी।
इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 10 विकेट और श्रीलंका के खिलाफ 238 रन से जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच को छोड़कर बाकी तीन डे नाइट टेस्ट भारत ने अपनी जमीन पर खेले।
भारत ने पिंक बॉल से अपना आखिरी टेस्ट बंगलूरू में श्रीलंका के खिलाफ खेला था और तीन दिन में ही जीत हासिल की थी। भारतीय महिला टीम का एकमात्र डे-नाइट टेस्ट ऑस्ट्रेलिया में था और 2021 में खेला गया यह टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।