मिडिल स्टंप उखड़ा लेकिन टिकी रही गिल्ली, क्रिकेट में सब हैरान
आईसीसी क्रिकेट नियमों के अनुसार, अगर गेंदबाज किसी बल्लेबाज को आउट करता है, तो उसमें गिल्ली का गिरना जरूरी होता है। क्रिकेट में कई बार ऐसा हुआ है कि गेंदबाज स्टंप को हिट कर लेता है, गिल्ली अपनी जगह से हिलती नहीं है और ऐसे में बल्लेबाज को आउट नहीं दिया जाता है।
ऑस्ट्रेलिया में थर्ड ग्रेड क्रिकेट टूर्नामेंट एसीटी प्रीमियर में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। यह फोटो जब सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हुई तो हर कोई देखकर दंग रह गया।
यह आईसीसी नियम के लिए भी बहुत बड़ी चुनौती है, क्योंकि अगर ऐसे में बल्लेबाज को नॉटआउट दिया जाता है, तो यह गेंदबाज के साथ बहुत बड़ी नाइंसाफी होगी। गिनिंडेरा क्रिकेट क्लब और वेस्ट डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला जा रहा था, जिस मैच में यह घटना हुई।

क्रिकेट एसीटी ने अपने सोशल मीडिया पेज से इसकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘ऐसी चीज जो आप रोज नहीं देखते… गिनिंडेरा वर्सेस वेस्ट गेम में हुई इस घटना को हमारे लिए एक्सप्लेन करिए। क्रिकेट फैन्स यह संभव कैसे है? फिजिक्स? च्विंगम? या बारिश में गिल्ली फूल गईं?
एक रिपोर्ट के मुताबिक गिनिंडेरा के गेंदबाज एंडी रेनॉल्ड्स ने इस तरह से सलामी बल्लेबाज मैथ्यू बोसुस्टो को आउट किया, गेंद ने मिडिल स्टंप को उखाड़ा था, ऐसे में गेंदबाज ने विकेट का जश्न मनाना शुरू किया था।
मैथ्यू पवेलियन की ओर लौटने लगे थे, मैदान पर कुछ देर के लिए अलग सा माहौल हो गया। दोनों फील्ड अंपायरों ने काफी देर तक इस पर चर्चा की और मैथ्यू को नॉटआउट करार दिया।
मेरिलबोन क्रिकेट क्लब के लॉ 29 के मुताबिक क्रिकेट में कोई बल्लेबाज तभी आउट माना जाएगा, जब बेल्स पूरी तरह से अपनी जगह से हटी हों या फिर एक या दो स्टंप जमीन से पूरी तरह से उखड़ गए हों। इस मामले में इन दोनों में से कोई भी चीज नहीं हुई थी।